खाद दुकानदारों की मनमानी से यूरिया के लिए भटक रहे किसान, कृषि विभाग के दावों पर उठ रहे सवाल

Sharsha News:बारिश के बाद बढ़ी यूरिया की मांग के बीच सत्तरकटैया में किसान खाद के लिए भटक रहे हैं. दुकानदारों की मनमानी से किसानों में आक्रोश है.

सत्तरकटैया.

प्रखंड क्षेत्र में यूरिया खाद की उपलब्धता को लेकर किसानों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है. किसानों का आरोप है कि खाद दुकानदारों की मनमानी और कृषि विभाग की उदासीनता के कारण उन्हें समय पर यूरिया नहीं मिल पा रहा है. इससे धान की नर्सरी, सब्जियों की खेती तथा पशुओं के चारे वाली फसलों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने की आशंका बढ़ गई है.

बारिश के बाद बढ़ी यूरिया की मांग, दुकानों के चक्कर लगाने को मजबूर किसान

बारिश के बाद खेती-किसानी के कार्यों में तेजी आने से यूरिया की मांग बढ़ गई है, लेकिन किसान बाजार की दुकानों का चक्कर लगाने के बावजूद खाद नहीं खरीद पा रहे हैं. किसानों का कहना है कि कई दुकानदार कृषि विभाग का हवाला देकर यूरिया बिक्री पर रोक होने की बात कह रहे हैं और उन्हें निर्धारित मात्रा में भी खाद उपलब्ध नहीं करा रहे हैं.

दुकानदारों पर मनमानी का आरोप, किसानों को खाद देने से किया जा रहा इंकार

किसान मदन यादव, मालभोगी यादव, किशोर यादव, अरुण यादव, जागो यादव, शत्रुघ्न यादव, सुकुमार यादव और राजेंद्र यादव समेत कई किसानों ने बताया कि वे कई दिनों से खाद के लिए दुकानों का चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उन्हें यूरिया उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है. उनका कहना है कि प्राकृतिक आपदाओं और बढ़ती खेती लागत से पहले ही परेशान किसानों के सामने अब खाद की कमी नई चुनौती बन गई है.

खाद विक्रेता संघ ने बिक्री पर रोक की कही बात, कृषि विभाग ने किया खंडन

किसानों के अनुसार, सत्तरकटैया बाजार और खादीपुर चौक स्थित कई खाद-बीज दुकानों में लंबे समय से मनमानी की शिकायतें मिल रही हैं, लेकिन संबंधित अधिकारियों द्वारा प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है. वहीं, खाद विक्रेता संघ के अध्यक्ष अरुण यादव ने दावा किया कि पूरे जिले में यूरिया खाद की बिक्री पर रोक लगा दी गई है. दूसरी ओर, प्रखंड कृषि पदाधिकारी लक्ष्मण कुमार ने कहा कि किसानों को निर्धारित मात्रा में आधार या अन्य वैध पहचान पत्र के आधार पर ही यूरिया की बिक्री की जानी है.

शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई, जिला कृषि पदाधिकारी ने दिया आश्वासन

हालांकि, जिला कृषि पदाधिकारी संजय कुमार ने स्पष्ट किया कि यूरिया की बिक्री पर किसी प्रकार की कोई रोक नहीं है. उन्होंने कहा कि किसान आवश्यक दस्तावेजों के साथ अधिकृत दुकानों से यूरिया प्राप्त कर सकते हैं. यदि कोई दुकानदार यूरिया देने से इनकार करता है, तो शिकायत मिलने पर उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Dipankar shriwastaw

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >