अतलखा पंचायत में प्रवेश द्वार निर्माण में बिजली चोरी का आरोप, ट्रांसफार्मर से सीधे जोड़ दिया कनेक्शन

सोनवर्षाराज की अतलखा पंचायत में 10 लाख के प्रवेश द्वार निर्माण पर विवाद खड़ा हो गया है. ग्रामीणों ने निर्माण एजेंसी पर ट्रांसफार्मर से सीधे बिजली कनेक्शन जोड़कर अवैध उपयोग का आरोप लगाया है, जिससे राजस्व हानि और सुरक्षा पर सवाल उठ रहे हैं.

सोनवर्षाराज (सहरसा). प्रखंड क्षेत्र की अतलखा पंचायत में 15वें वित्त आयोग की राशि से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से बनाए जा रहे प्रवेश द्वार के निर्माण कार्य को लेकर विवाद खड़ा हो गया है. स्थानीय लोगों ने निर्माण एजेंसी पर विभागीय अनुमति के बिना ट्रांसफार्मर से सीधे बिजली कनेक्शन जोड़कर अवैध रूप से विद्युत उपयोग करने का आरोप लगाया है.

ट्रांसफार्मर से सीधे जोड़कर चलाए जा रहे उपकरण

ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण स्थल से लगभग 20 से 25 मीटर दूर स्थित ट्रांसफार्मर से सीधे तार जोड़कर निर्माण कार्य में इस्तेमाल होने वाली मशीनों का संचालन किया जा रहा है. उनका कहना है कि निर्माण शुरू होने के बाद से ही इसी तरह बिजली का उपयोग किया जा रहा है.

राजस्व हानि के साथ सुरक्षा पर भी सवाल

स्थानीय लोगों के अनुसार इस तरह बिजली के अवैध उपयोग से विद्युत विभाग को राजस्व का नुकसान हो रहा है. वहीं खुले तारों के जरिए बिजली लेने से हादसे की आशंका भी बनी हुई है. ग्रामीणों ने कहा कि सरकारी योजनाओं में पारदर्शिता और नियमों के पालन की बात की जाती है, लेकिन यहां निर्माण कार्य में ही नियमों की अनदेखी की जा रही है.

ग्रामीणों ने की जांच और कार्रवाई की मांग

ग्रामीणों ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने और यदि बिजली चोरी की पुष्टि होती है तो संबंधित एजेंसी एवं जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है. उनका कहना है कि सरकारी योजनाओं के कार्यों में नियमों का पालन हर हाल में सुनिश्चित किया जाना चाहिये.

जांच के बाद होगी कार्रवाई : कनीय अभियंता

विद्युत विभाग के कनीय अभियंता अभिषेक आनंद ने बताया कि उन्हें इस मामले की पूर्व जानकारी नहीं थी. उन्होंने कहा कि शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच कराई जाएगी. यदि जांच में अवैध रूप से बिजली उपयोग की पुष्टि होती है तो संबंधित लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जायेगी.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दीपांकर श्रीवास्तव

दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >