थाना क्षेत्र के पहलाम चौक के समीप शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार एक वृद्ध की मौत हो गयी.
पहलाम चौक के पास हुआ दर्दनाक सड़क हादसा
बनमा ईटहरी. थाना क्षेत्र के पहलाम चौक के समीप शुक्रवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार एक वृद्ध की मौत हो गयी. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गयी, जबकि टक्कर मारने वाला बाइक सवार मौके से फरार हो गया. जानकारी के अनुसार, सिमरी बख्तियारपुर-तेलियाहाट मुख्य मार्ग स्थित पहलाम चौक के पास पहलाम गांव निवासी करीब 65 वर्षीय मो रेहमान साइकिल से मवेशी खरीदने जा रहे थे. इसी दौरान गांव के ही एक अनियंत्रित बाइक सवार युवक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. स्थानीय लोगों की मदद से घायल वृद्ध को तत्काल अनुमंडलीय अस्पताल सिमरी बख्तियारपुर ले जाया गया. जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही बनमा ईटहरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची एवं मामले की जांच शुरू कर दी. पुलिस फरार बाइक सवार की पहचान एवं तलाश में जुटी है. वृद्ध की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. वहीं पूरे गांव में शोक का माहौल व्याप्त है.
दीपांकर श्रीवास्तव प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक जागरण से की. अभी प्रभात खबर के सहरसा कार्यालय में काम कर रहे हैं. शिक्षा, अनुसंधान, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.