संदिग्ध दवाओं के नमूने जब्त, लैब भेजे जाएंगे सैंपल, रिकॉर्ड खंगालने में जुटी जांच टीम नवहट्टा. प्रखंड क्षेत्र में अवैध एवं संदिग्ध दवाओं की बिक्री पर लगाम लगाने के लिए औषधि प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है. सोमवार को नवहट्टा बाजार स्थित जनता मेडिकल में ड्रग्स इंस्पेक्टर द्वारा की गयी औचक छापेमारी से स्थानीय दवा दुकानदारों में हड़कंप मच गया. कार्रवाई के संबंध में जानकारी देते हुए ड्रग्स इंस्पेक्टर कुमार संजय ने बताया कि नियमित जांच अभियान के तहत जनता मेडिकल का औचक निरीक्षण किया गया. मिली जानकारी के अनुसार 20 मई को नगर पंचायत निवासी संजीव कुमार सिंह ने सहयोग पोर्टल पर आवेदन देकर जनता मेडिकल हॉल व हॉस्पिटल गेट के सामने स्थित लल्लू मेडिकल की जांच कराने तथा दवा बिक्री से जुड़े मामले में कार्रवाई की मांग की थी. निरीक्षण के दौरान दुकान में रखी दवाओं के रखरखाव और उनकी गुणवत्ता की जांच की गयी. प्रथम दृष्टया संदेह के आधार पर दो से तीन दवाओं के नमूने जब्त किए गये हैं, जिन्हें गुणवत्ता की सटीक जांच के लिए सरकारी प्रयोगशाला भेजा जायेगा. औषधि निरीक्षक ने बताया कि संबंधित प्रतिष्ठान की खरीद रसीद, बिक्री रसीद व स्टॉक से जुड़े सभी दस्तावेजों की जांच की जा रही है. जांच टीम यह पता लगाने में जुटी है कि संबंधित दवाएं किस थोक विक्रेता से खरीदी गई थीं और उन्हें किन-किन लोगों को बेचा गया है. उन्होंने कहा कि मरीजों को शुद्ध एवं मानक गुणवत्ता की दवाएं उपलब्ध कराना विभाग की प्राथमिकता है. नवहट्टा के साथ-साथ जिले के अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में भी इस प्रकार का सघन जांच अभियान जारी रहेगा. नियमों की अनदेखी करने वाले तथा बिना वैध दस्तावेजों के दवा बेचने वाले दुकानदारों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जायेगी.
ड्रग्स इंस्पेक्टर की बड़ी कार्रवाई, नवहट्टा में मेडिकल दुकान पर छापेमारी से हड़कंप
ड्रग्स इंस्पेक्टर की बड़ी कार्रवाई, नवहट्टा में मेडिकल दुकान पर छापेमारी से हड़कंप
