कोसी स्नातक चुनाव का डॉ रजनीश रंजन ने किया शंखनाद, संवाद कार्यक्रम में उमड़ा जनसैलाब

अपने संबोधन में डॉ रजनीश रंजन ने कहा कि यह उनके जीवन का पहला सार्वजनिक राजनीतिक कार्यक्रम है, लेकिन उनका उद्देश्य किसी पद की प्राप्ति नहीं बल्कि स्नातक समाज के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ना है.

शिक्षकों, अधिवक्ताओं, युवाओं और स्नातकों के मुद्दों को बनाया चुनावी एजेंडा

सहरसा. बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र चुनाव 2026 की राजनीतिक सरगर्मी रविवार को उस समय तेज हो गयी, जब पटेल मैदान स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित जिला स्तरीय स्नातक मतदाता संवाद कार्यक्रम में हजारों शिक्षकों, अधिवक्ताओं, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं एवं स्नातक मतदाताओं की भीड़ उमड़ पड़ी. इस आयोजन को आगामी चुनाव का शंखनाद माना जा रहा है, जिसने पूरे कोसी-सीमांचल क्षेत्र में नयी राजनीतिक चर्चा छेड़ दी है. कार्यक्रम का शुभारंभ भावी विधान परिषद प्रत्याशी डॉ रजनीश रंजन सहित कई शिक्षाविदों, सामाजिक प्रतिनिधियों एवं गणमान्य अतिथियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया. इससे पूर्व शहर में भव्य रोड शो निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं एवं समर्थकों ने भाग लिया. समापन के दौरान डॉ रजनीश रंजन ने 14 जून को अररिया में एक और विशाल स्नातक संवाद कार्यक्रम आयोजित करने की घोषणा की.

स्नातक समाज के सम्मान की लड़ाई का दावा

अपने संबोधन में डॉ रजनीश रंजन ने कहा कि यह उनके जीवन का पहला सार्वजनिक राजनीतिक कार्यक्रम है, लेकिन उनका उद्देश्य किसी पद की प्राप्ति नहीं बल्कि स्नातक समाज के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ना है. उन्होंने कहा कि कोसी क्षेत्र लंबे समय से उपेक्षा का शिकार रहा है और यहां के शिक्षित युवाओं तथा स्नातकों को उनकी क्षमता के अनुरूप अवसर नहीं मिले हैं. उन्होंने कहा कि वर्ष 1952 में इस निर्वाचन क्षेत्र में केवल 222 स्नातक मतदाता थे, जबकि आज मधेपुरा एवं पूर्णिया विश्वविद्यालयों से लाखों छात्र स्नातक बन चुके हैं. इसके बावजूद उनकी समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया गया.

सात प्रमुख संकल्पों वाला घोषणा पत्र जारी

इस अवसर पर डॉ रजनीश रंजन ने शिक्षकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, बेरोजगार युवाओं एवं स्नातक मतदाताओं के लिए सात प्रमुख संकल्पों वाला घोषणा पत्र जारी किया. उन्होंने बेरोजगार स्नातकों के लिए मासिक आर्थिक सहायता, वित्तरहित महाविद्यालयों में समान कार्य के बदले समान वेतन, स्नातकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा तथा शिक्षकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों एवं संविदा कर्मियों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास का वादा किया. इसके अलावा अधिवक्ताओं के लिए विशेष हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर की स्थापना तथा जिला, अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर आधुनिक पुस्तकालयों के विकास की बात भी कही. उन्होंने कहा कि स्नातकों की समस्याओं को प्राथमिकता के साथ उठाया जायेगा.

विभिन्न जिलों से पहुंचे प्रतिनिधि

कार्यक्रम में मौजूद शिक्षकों एवं बुद्धिजीवियों ने शिक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर गंभीर पहल की आवश्यकता जतायी. विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधियों ने भी अपने सुझाव और समर्थन व्यक्त किए. इस व्यापक आयोजन के बाद कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का चुनावी माहौल पूरी तरह सक्रिय हो गया है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >