सहरसा. जिलाधिकारी दीपेश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय वेश्म में सात निश्चय योजनाओं की मासिक समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई. बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित सात निश्चय योजनाओं की प्रगति, लंबित कार्यों तथा निर्धारित लक्ष्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई. समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि योजनाओं का क्रियान्वयन पूरी गुणवत्ता एव निर्धारित समय-सीमा के भीतर सुनिश्चित करें. उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं के कार्य लंबित हैं, उनका शीघ्र निष्पादन कर लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ प्रभावी ढंग से पहुंचाएं.
निर्धारित लक्ष्यों की समय पर प्राप्ति सुनिश्चित करें
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सरकार की महत्वाकांक्षी सात निश्चय योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता स्वीकार नहीं की जायेगी. उन्होंने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग करने, कार्यों की प्रगति पर सतत निगरानी रखने एवं निर्धारित लक्ष्यों की समय पर प्राप्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. बैठक में उप विकास आयुक्त गौरव कुमार सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद थे. सभी विभागों से योजनाओं की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की गयी एवं आवश्यक दिशा-निर्देश दिये गये.
जिलाधिकारी ने कहा कि योजनाओं का उद्देश्य आम लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है. इसलिए सभी संबंधित अधिकारी समन्वय के साथ कार्य करते योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करें. फोटो - सहरसा - बैठक करते डीएम व अन्य
