सहरसा : सावन की तीसरी सोमवारी पर सोमवार को श्री श्री 108 बाबा ब्रजेन्द्र नाथ महादेव मंदिर, बड़गांव में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. अहले सुबह से ही अगुवानी घाट से गंगाजल लेकर सामान्य बम, डाक बम और मोटरसाइकिल बम के रूप में बड़ी संख्या में कांवरिये बड़गांव पहुंचे. कांवरियों ने बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की और सुख-समृद्धि की कामना की.
कांवरियों की सेवा में जुटे रहे ग्रामीण
श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर ग्रामीणों की ओर से जगह-जगह सेवा शिविर लगाए गये थे. शिविरों में कांवरियों के लिए गर्म पानी, ठंडा पानी, चाय, शरबत, दवा सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की गयी थी. ग्रामीण पूरे उत्साह के साथ कांवरियों की सेवा में जुटे रहे. सेवा शिविरों में मिली सुविधाओं से कांवरियों को काफी राहत मिली.
16वें वर्ष हो रहा जलाभिषेक आयोजन
आयोजकों के अनुसार बाबा ब्रजेन्द्र नाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक आयोजन का यह 16वां वर्ष है. आयोजन का समापन अंतिम सोमवारी पर भव्य कार्यक्रम के साथ होगा. इस दौरान क्षेत्रीय कलाकारों की ओर से भजन संध्या का आयोजन किया जायेगा. इसके साथ ही भव्य भैरवबली पूजन भी होगा.
अंतिम सोमवारी पर हजारों कांवरियों के बड़गांव पहुंचने की संभावना को देखते हुए गांव के बाहर भी अतिरिक्त सेवा शिविर लगाने की तैयारी की जा रही है. आयोजकों ने बताया कि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए ग्रामीण स्तर पर व्यापक तैयारी की जा रही है.
आयोजन को सफल बनाने में जुटे ग्रामीण
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुकेश मानस, भीमशंकर झा, बौआ खां, जयकृष्ण झा, गोपालकृष्ण झा, चंदू जी, चुन्ना जी, अनोज झा, तारणी पंडा, मंडन मिश्र, जमादार नंदकिशोर झा, चंद्रकिशोर झा, शेखर मंडल, डमन जी, धीरज जी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण सक्रिय रूप से जुटे हुए हैं.
