Student Credit Card Awareness Camp: सौरबाजार (सहरसा). बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना और तकनीकी शिक्षा के प्रति छात्रों एवं अभिभावकों को जागरूक करने के उद्देश्य से रविवार को बैजनाथपुर स्थित डीएल कॉलेज सभागार में एक दिवसीय जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा, कौशल विकास और सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गयी.
उच्च शिक्षा के लिए सरकारी योजनाओं की दी जानकारी
एम ए एजुकेशन ट्रस्ट की ओर से आयोजित शिविर में वक्ताओं ने बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना के लाभ, आवेदन प्रक्रिया और पात्रता की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी के कारण किसी भी छात्र की पढ़ाई नहीं रुके, इसके लिए सरकार कई महत्वपूर्ण योजनाएं संचालित कर रही है.
तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा पर दिया गया जोर
शिविर में छात्रों को तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा की ओर प्रेरित किया गया. वक्ताओं ने कहा कि बदलते समय में रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसरों के लिए तकनीकी शिक्षा अत्यंत आवश्यक है. विद्यार्थियों से आधुनिक शिक्षा के साथ कौशल विकास पर भी ध्यान देने की अपील की गयी.
छात्रों और अभिभावकों ने लिया सक्रिय भाग
कार्यक्रम में खजुरी पंचायत के मुखिया संजीत गुप्ता, सरपंच श्रवण पौद्दार, अधिवक्ता उमेश यादव, सेवानिवृत्त शिक्षक कमलेश्वरी यादव, संतोष कुमार सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं और अभिभावकों ने भाग लिया. इस दौरान उपस्थित लोगों ने शिक्षा और सरकारी योजनाओं से जुड़े विभिन्न विषयों पर जानकारी प्राप्त की तथा विशेषज्ञों से अपने सवाल भी पूछे.
शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने का प्रयास
Student Credit Card Awareness Camp: आयोजकों ने कहा कि इस प्रकार के जागरूकता शिविरों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक शिक्षा और सरकारी योजनाओं की सही जानकारी पहुंचाना है, ताकि अधिक से अधिक छात्र इनका लाभ लेकर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें.
