सोनवर्षाराज (सहरसा) : भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की आठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गयी. कार्यक्रम की अध्यक्षता युवा मोर्चा पश्चिमी मंडल अध्यक्ष अमित कुमार सिंह ने की. उपस्थित कार्यकर्ताओं ने अटल बिहारी वाजपेयी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी.
इस दौरान वक्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व, कृतित्व और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को याद किया. वक्ताओं ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी भारतीय राजनीति के ऐसे व्यक्तित्व थे, जिन्होंने अपने विचारों, सहज व्यवहार और प्रभावशाली वक्तृत्व से देश के राजनीतिक जीवन में अलग पहचान बनाई. उनके आदर्शों और राष्ट्रहित के विचारों को आत्मसात करने का संकल्प लिया गया.
मरीजों के बीच बांटे फल
श्रद्धांजलि सभा के बाद कार्यकर्ता सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे. यहां मरीजों के बीच फल वितरित कर सेवा भावना का संदेश दिया गया. आयोजकों ने कहा कि पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करने का उद्देश्य अटल बिहारी वाजपेयी के विचारों और राष्ट्रहित में किये गये कार्यों को याद करना है.
कार्यक्रम में जनसंघ के संस्थापक सदस्य विजेंद्र वर्मा, भाजपा जिला उपाध्यक्ष सह मुख्य पार्षद मनीष कुमार, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अमीर राम, अभिषेक कुमार उपाध्याय, राकेश भगत, अभिषेक कुमार सिंह उर्फ विक्की, बलराज पंडित, सतीश कुमार चुन्नू, सुनील कुमार भानू, विप्लव कुमार, वीरेंद्र कुमार चौधरी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे.
