सहरसा : जिलाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की गहन समीक्षा की गयी. डीएम श्री गुंजियाल ने इमरजेंसी कक्ष में सभी उपकरण लगाने तथा सभी पीएचसी में दवा वितरण पंजी संधारण का निर्देश दिया. उन्होंने बताया कि शहरी स्लम बस्ती के निकट एक स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किया जायेगा. इसके लिए सरकार ने चिकित्सक नियुक्त कर दिया है व स्वास्थ्य केंद्र पर परिवार योजना, टीकाकरण व ओपीडी की सुविधा दी जायेगी.
उन्होंने दैनिक रिपोर्ट व रोगी को दिये जाने वाला भोजन मेन्यू के अनुरूप देने का निर्देश दिया. साथ ही विद्युत की व्यवस्था व सभी पंखे ठीक कराने, शय्या व बेड को दुरूस्त करने का निर्देश दिया. साथ ही साफ शब्दों में हिदायत देते कहा कि अस्पताल को बिचौलियों से मुक्त कराये तथा इसके विरूद्ध तत्काल कार्रवाई करें. उन्होंने कहा कि कालाजार, यक्ष्मा, कुष्ठ रोग की रिपोर्ट देने तथा व्हाटसएप्प पर सभी कर्मियों को हाजिरी बनाने का निर्देश दिया. बैठक में सिविल सर्जन डॉ अशोक कुमार सिंह, डीपीएम असीत रंजन, डीपीआरओ बिंदुसार मंडल सहित अन्य मौजूद थे.
