सड़क हादसे में घायल युवक की इलाज के दौरान मौत, घर में मचा कोहराम
बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनवर्षाराज-सिमरी बख्तियारपुर एनएच 107 स्थित पहाड़पुर बाजार में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में घायल 25 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान शुक्रवार अहले सुबह मौत हो गयी.
देहरादून से लौटा था छोटू, दो माह के बच्चे के सिर से उठा पिता का साया
सिमरी बख्तियारपुर. बख्तियारपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत सोनवर्षाराज-सिमरी बख्तियारपुर एनएच 107 स्थित पहाड़पुर बाजार में गुरुवार को हुए सड़क हादसे में घायल 25 वर्षीय युवक की इलाज के दौरान शुक्रवार अहले सुबह मौत हो गयी. मृतक की पहचान भटौनी पंचायत के वार्ड संख्या एक स्थित नैनपुर गांव निवासी ठिठर सादा के पुत्र छोटू कुमार के रूप में हुई है. घटना की सूचना मिलते ही स्वजनों में कोहराम मच गया और गांव का माहौल गमगीन हो गया. मालूम हो कि गुरुवार सुबह छोटू कुमार किसी आवश्यक कार्य से पहाड़पुर बाजार पैदल जा रहा था. इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गयी. स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची 112 पुलिस टीम एवं स्थानीय युवक खगेश कुमार की मदद से घायल को अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर कर दिया. जहां एक निजी क्लिनिक में इलाज के दौरान शुक्रवार की सुबह उसकी मौत हो गयी. इधर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर स्वजनों को सौंप दिया. शव जैसे ही गांव पहुंचा, पत्नी पुतुल देवी, मां शिरोमणि देवी समेत अन्य स्वजनों की चीख-पुकार से माहौल गमगीन हो गया. ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गयी.
बहन की शादी के सिलसिले में देहरादून से लौटा था छोटू
जानकारी के अनुसार, छोटू कुमार देहरादून में रहकर राजमिस्त्री का काम करता था और अपने परिवार का भरण-पोषण करता था. वह गुरुवार को ही अपने भाई के साथ देहरादून से घर लौटा था. घर आने के बाद वह अपनी बहन की शादी के सिलसिले में देखा-सुनी के लिए जाने की तैयारी कर रहा था. इसी बीच किसी आवश्यक काम से वह पहाड़पुर बाजार गया, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया. परिवार में खुशियों का माहौल पल भर में मातम में बदल गया. मृतक पांच भाइयों और दो बहनों में तीसरे स्थान पर था. उसके परिवार में पत्नी, दो पुत्र और एक पुत्री हैं. बड़े पुत्र दिव्यांशु कुमार (4 वर्ष), छोटा पुत्र विक्की कुमार (2 माह) एवं पुत्री सोनाक्षी कुमारी है. घटना के बाद पत्नी पुतुल देवी अपने दो माह के दुधमुंहे बच्चे को गोद में लेकर विलाप कर रही है.