सदर थाना के रहमान चौक
की घटना
मंगलवार अहले सुबह की घटना
खोजबीन के बाद भी नहीं मिली कोई जानकारी
सहरसा सिटी : सदर थाना क्षेत्र के रहमान चौक पर जन जागरण संस्थान द्वारा संचालित बालक गृह से मंगलवार की अहले सुबह शयन कक्ष की खिड़की तोड़ कर छह बच्चे फरार हो गये. सूचना मिलते ही व्यवस्थापक सहित पुलिस प्रशासन में खलबली मच गयी. सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष हीरालाल प्रसाद सहित पुलिस बल ने पूरे शहर के बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन पर खोजबीन की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली.
टूटी थी खिड़की : मंगलवार को संस्थान की अधीक्षक कविता चौधरी ने सदर थानाध्यक्ष को लिखित जानकारी दी. उन्होंने बताया कि चार अप्रैल की अहले सुबह 14 वर्षीय राजा कुमार, नीरज कुमार, 13 वर्षीय रवि कुमार, 16 वर्षीय राहुल कुमार, 12 वर्षीय भोला कुमार, 17 वर्षीय पंकज कुमार फरार हो गये.
उन्होंने बताया कि संस्थान में तैनात गार्ड अजय कुमार जब राउंड करने गये तो देखा कि खिड़की टूटी थी और 21 में से 6 बच्चे गायब थे. इसकी सूचना तुरंत थाना को दी गयी. बच्चे की खोजबीन का प्रयास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि मामले की जानकारी जिला पदाधिकारी, सहायक निदेशक, बाल कल्याण को दे दी गयी है.
पूर्व में भी हो चुकी है घटना
बीते वर्ष 24 मार्च को भी दो बच्चे खिड़की तोड़ कर फरार हो गये थे. दोनों बच्चे भी दरवाजा में लगी लकड़ी से खिड़की का ग्रिल तोड़कर भाग गये थे. स्थानीय लोगों द्वारा हल्ला किये जाने पर खोजबीन के दौरान कई घंटे बाद बलवा बाजार सुपौल निवासी सुनील कुमार व रघु कुमार को बरामद किया गया था.
लोगों ने कहा कि इस तरह की घटना कहीं ना कहीं व्यवस्था पर प्रश्न खड़ा कर रहा है. प्रशासन को सख्ती से जांच करनी चाहिए. सूचना मिलने पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी वेश्म में सदर एसडीपीओ सुबोध विश्वास, प्रभारी थानाध्यक्ष हीरालाल प्रसाद ने संस्थान की कविता चौधरी से मामले की जानकारी ली.
