शराब मुक्त व शिक्षित हो समाज
सहरसा सदर : कोसी क्षेत्र के गांधी व समाजवादी चिंतक रहे पूर्व विधायक परमेश्वर कुंवर की 94 वीं जयंती समारोह के मौके पर समाजवादी विचारधारा के योद्धाओं ने समाज के प्रति कुंवर जी की त्याग व तपस्या को याद कर उन्हें नमन किया. स्थानीय सुपर बाजार स्थित संत लक्ष्मीनाथ गोसाईं कला भवन के पंडित कालेश्वर […]
सहरसा सदर : कोसी क्षेत्र के गांधी व समाजवादी चिंतक रहे पूर्व विधायक परमेश्वर कुंवर की 94 वीं जयंती समारोह के मौके पर समाजवादी विचारधारा के योद्धाओं ने समाज के प्रति कुंवर जी की त्याग व तपस्या को याद कर उन्हें नमन किया. स्थानीय सुपर बाजार स्थित संत लक्ष्मीनाथ गोसाईं कला भवन के पंडित कालेश्वर मंडल सभागार में अल्पसंख्यक कल्याण मंत्री प्रो डॉ अब्दुल गफूर की अध्यक्षता में समाजवादी चिंतकों द्वारा स्व परमेश्वर कुंवर की जयंती मनायी गयी.
सभा की अध्यक्षता करते मंत्री गफूर ने कहा कि राष्ट्र के निर्माण में युवाओं को परमेश्वर कुंवर के आदर्श व उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए. कुंवर जी एक सच्चे समाजवादी नेता के रूप में समाज के अंतिम व्यक्ति के भलाई के लिए अंतिम क्षण तक सेवा का भाव लिए लगे रहे. शराब मुक्त व शिक्षित समाज का निर्माण कर रही कुंवर जी के सपने को पूरा कर सच्ची श्रद्धांजलि दें. अगले वर्ष कुंवर जी के जयंती पर उनकी प्रतिमा सहरसा में स्थापित करने की मंत्री ने घोषणा की.
जातिविहीन समाज की स्थापना को थे संकल्पित : आपदा मंत्री प्रो चंद्रशेखर यादव ने कहा कि समाजवादियों को याद करना इसलिए जरूरी है कि भौतिकवादी युग में सामाजिक व्यवस्था के हर क्षेत्र में हो रहे कुव्यवस्था, जातिवाद को खत्म किया जा सके. आंतरिक व्यवस्था की मजबूती के लिए समाजवादियों के पदचिह्नो पर चलने की प्रेरणा लें. उन्होंने उच्च जाति के होते हुए भी अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति के विकास व उनकी हक की लड़ाई लड़ी. जातिविहीन समाज की स्थापना के लिए कुंवर जी के सिद्धांत पर चलने का संकल्प दुहराया.
युवाअों को किया प्रेरित : पूर्व मंत्री अशोक कुमार सिंह ने परमेश्वर कुंवर को बिहार का समाजवादी चिंतक व योद्धा बताया. उन्होंने कहा कि कुंवर जी हमेशा जुर्म के खिलाफ युवाओं को प्रेरित कर उनके अंदर के समाजवाद को जगाने का काम किया. कुंवर जी के सानिध्य में रहने के कारण उन्हें अपने राजनीतिक जीवन में काफी कुछ सीखने का मौका मिला.
समाजवादी कभी नहीं मरते : पूर्व मंत्री अखलाक अहमद ने परमेश्वर कुंवर को समाजवाद को आगे बढ़ाने वाले नेता की कड़ी में बताया. उन्होंने कहा कि कुंवर जी सच्चे समाजवादियों में गिने जाते हैं. समाजवाद जब तक जिंदा रहेगा आने वाली पीढ़ी समाजवाद की लौ को जलाये रखेंगे. कुंवर जी को हमेशा याद रखेंगे.
लगे आदमकद प्रतिमा : पूर्व सांसद लवली आनंद ने कुंवर जी को कोसी के गांधी रामबहादुर सिंह का शिष्य बताते कहा कि कुंवर जी की राजनीतिक ईमानदारी व सच्चाई हकीकत थी. पूर्व सांसद ने मत्स्यगंधा झील, रक्तकाली मंदिर परिसर में कुंवर जी की आदमकद प्रतिमा स्थापित करने व बलुआहा कोसी पुल का नाम परमेश्वर कुंवर सेतु रखने की मांग की.
पिछड़ों को दिलाया हक : स्थानीय विधायक अरुण कुमार यादव ने समाजवादी विचार का नाम ही परमेश्वर कुंवर बताया. उन्होंने कहा कि कुंवर जी हमेशा ही गरीब वंचितों व पिछड़ों के हक व अधिकार के लिए चिंतन करने वाले समाजवादी नेता रहे थे. पिपरा विधायक यदुवंश कुमार यादव ने कहा कि कोसी की धरती पर परमेश्वर कुंवर जैसे सच्चे समाजवादियों के जन्म लेने के कारण ही उनके जैसे नेता को जगह मिली. कार्यक्रम के संयोजक पूर्व प्रमुख सियाराम सिंह ने संचालन किया.
मौके पर वरिष्ठ चिकित्सक डॉ गोपाल शरण सिंह, डॉ एलएन झा, धनिकलाल मुखिया, अंजुम हुसैन, अजय अजनबी, जयप्रकाश चौधरी, प्रो अजय सिंह, सरिता पासवान, अख्तर बुखारी, अरविंद सिंह, नितीन ठाकुर, मंगेश यादव, फुल हसन, ललित कुमार यादव सहित कई समाजवादी नेताओं ने संबोधित किया़