शिविर में खाता खुलवाने के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं
ऑटो, ट्रैक्टर से सभी पंचायतों के वृद्ध, नि:शक्त व विधवा पेंशनधारी पहुंचे थे प्रखंड मुख्यालय
सोनवर्षा राज : सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना अंतर्गत सभी पेंशनधारियों का बैंक खाता खुलवाने के लिए प्रखंड मुख्यालय में सोमवार को लगाये जाने वाले शिविर में खाता खुलवाने के लिए कोई भी व्यवस्था नहीं किये जाने से सभी लाभुकों को दिन भर परेशान होकर वापस जाना पड़ा.
मालूम हो कि सूबे की सरकार द्वारा केंद्र व राज्य प्रायोजित विभिन्न पेंशन अंतर्गत सभी पेंशनधारियों का बैंक खाता खुलवाये जाने के निर्देश के बाद प्रखंड प्रशासन द्वारा सोमवार को शिविर के आयोजन की सूचना संबंधित बैंक व पदाधिकारी को पूर्व में दे दी गयी थी. प्रखंड कार्यालय के निर्देश पर क्षेत्र के 21 पंचायत के उन पेंशनधारियों को ढोलहा के माध्यम से प्रखंड मुख्यालय सोमवार को बुलाया गया, जिनका किसी भी बैंक में खाता नहीं खुला था. सोमवार की सुबह से ही ऑटो, ट्रैक्टर आदि से सभी पंचायतों के वृद्ध, नि:शक्त व विधवा पेंशनधारी प्रखंड मुख्यालय पहुंचने लगे.
दोपहर होते-होते मुख्यालय हजारों पेंशनधारियों से भर गया. लेकिन प्रखंड मुख्यालय में संबंधित बैंकों के काउंटर की व्यवस्था नहीं देख कई बैंक कर्मी वापस चले गये. दोपहर बाद साहपुर एवं लगमा वसुधा केंद्र के दो कर्मी पेंशनधारी का खाता खुलवाने के लिए संबंधित प्रमाणपत्रों की छायाप्रति लेते देखे गये. दोपहर बाद प्रखंड मुख्यालय पहुंचे बीडीओ ने पेंशनधारी को समझा-बुझाकर अपने पंचायत वापस भेजा. लेकिन इधर परेशानी व निराशा से वापस गये पेंशनधारी की भारी भीड़ ने प्रखंड मुख्यालय के आसपास के फोटो स्टेट एवं स्टूडियो वाले को मालामाल कर दिया.
