सिर व दोनों हाथ भी नहीं हैं आसपास
अज्ञात शव देख लोगों ने जतायी हत्या की आशंका
बैजनाथपुर के ईटहरा ढाला की घटना
बैजनाथपुर(सहरसा) : सौर बाजार थाना अंतर्गत बैजनाथपुर पुलिस शिविर क्षेत्र के गम्हरिया पंचायत स्थित ईटहरा रेलवे ढ़ाला के सौ गज पश्चिम सहरसा-बैजनाथपुर रेलमार्ग की पटरी पर अज्ञात व्यक्ति का शव मिला. इससे ग्रामीणों में सनसनी फैल गयी. रेल से कटे हुए अज्ञात व्यक्ति के शरीर पर पीले रंग का शर्ट, उजला गंजी, हरा रंग की स्वेटर है. जानकारी के अनुसार, शव की पहचान नहीं हो पा रही है. क्योंकि सर व दोनों हाथ गायब है. इससे पता चल रहा है कि अज्ञात व्यक्ति की कहीं हत्या कर दोनों हाथ व सर को काट कहीं फेंक दिया गया और धड़ को रेल पटरी के बीच में रख दिया गया था.
इधर, बैजनाथपुर स्टेशन अधीक्षक जीवन प्रकाश ने बताया कि बनमनखी से सहरसा जा रही पैसेंजर ट्रेन 55569 के समय हमें सूचना मिली तो मैंने रेल की मैन को सूचना दी एवं सहरसा जीआरपी को भी दूरभाष पर सूचना दी. जीआरपी ने मेमो की मांग की. मैंने मेमो नहीं देने की बात कही. क्योंकि जब तक जांच पड़ताल नहीं हो जाती है तब तक मेमो देने का अधिकार नहीं है.
