अतिक्रमण हटाने का मुद्दा
अतिक्रमणकारियों ने दी आत्मदाह की धमकी
आज अतिक्रमण पर चलेगा बुलडोजर
प्रशासन और अतिक्रमणकारी आमने-सामने
सिमरी नगर : रेलवे द्वारा सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर अवैध कब्जा कर अनधिकार रूप से व्यवसाय व आवास के रूप मे इस्तेमाल करने वालों के घर और दुकान पर आज सुबह आठ बजे से बुलडोजर चलाया जायेगा. जिस वजह से रेल की जमीन पर अतिक्रमण कर चुके लोगों की धुकधुकी बढ गयी है.
इधर रविवार को भी दिन भर रेल से जुड़े अधिकारियो का दौरा सिमरी बख्तियारपुर मे जारी रहा. वही दूसरी ओर रेलवे की जमीन पर अतिक्रमण कर चुके लोग भी रविवार को दिन भर अपने जनप्रतिनिधि से कार्यवाई रुकवा देने की गुहार लगाते दिखे. वही रविवार को रेलवे द्वारा मालगोदाम रोड सहित अतिक्रमित क्षेत्र मे ध्वनि विस्तारक यंत्र से सूचना देकर 17 जनवरी तक अतिक्रमित भूमि को खाली कराने की बात कही गयी.
कहा गया कि अगर व्यवसायी या निवासी उक्त अवधि के अंदर रेल अतिक्रमित भूमि खाली नही करते हैं तो बाध्य हो कर रेल प्रशासन सख्ती से पेश आयेगी और अतिक्रमित भूमि को खुद खाली करवायेगी और उस पर आया सारा खर्च अतिक्रमण करने वाले को भुगतना पड़ेगा.
बसे परिवारों ने दी आत्मदाह की धमकी : पिछले कई दिनों से जारी माथापच्ची के बीच रविवार को रेलवे की जमीन पर घर बना गुजर-बसर कर रहे मल्लिक टोला के लगभग बीस परिवारों ने स्टेशन अधीक्षक को आवेदन दे कर आत्मदाह की धमकी दी है. इस बाबत महादलित परिवार वालों ने अपने घर के पास जमा होकर रेल प्रशासन के खिलाफ आक्रोश व्यक्त किया और स्टेशन अधीक्षक दिलीप विश्वास को आवेदन भी दिया.
दिये आवेदन में महादलित परिवार के मुन्नी देवी, सुभाष मल्लिक, जोहन मल्लिक, विनोद मल्लिक, रीता देवी, लखिया देवी आदि ने कहा है कि सुन्दरीकरण के नाम पर रेलवे हम महादलित परिवार को बेघर करना चाह रही है. आज तक ना तो केंद्र सरकार और ना ही बिहार सरकार ने हम महादलित को कोई जमीन दी और ना आवास दिया. अब यदि रेल इस ठंड में अमानवीय व्यवहार करती है तो हम सभी महादलित परिवार अपने बाल-बच्चों के साथ सोमवार को आत्मदाह कर लेंगे.
