काराकाट ( रोहतास) : जिले के काराकाट थाना क्षेत्र के डिहरा गांव में मंगलवार की शाम एक युवक निर्मल राम के 18 वर्षीय बेटे पवन कुमार की हत्या कर दी गयी. युवक के पिता के बयान पर 11 लोगों को आरोपित बनाया गया है. मंगलवार की देर रात ही पुलिस ने एक आरोपित फौज के जवान संदीप चौधरी को गिरफ्तार कर लिया. जानकारी के अनुसार, खेत में बकरी के चले जाने पर उत्पन्न विवाद में उक्त युवक को गोली मारी गयी.
हालांकि लोगों के अनुसार, बकरी के खेत में जाने का विवाद तो महज दिखावा था. असली मामला शराब बेचने से संबंधित है. पवन को तुरंत बिक्रमगंज अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की जानकारी जब पुलिस को लगी तो पुलिस अस्पताल पहुंच कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया.
