बिक्रमगंज (रोहतास) : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि रोहतास राज्य का पहला ओडीएफ (खुले में शौचमुक्त) जिला बनने की ओर अग्रसर है. यहां बहुत ही अच्छा काम हुआ है और 98.5 फीसदी लोगों के घरों में शौचालय बन चुके हैं. सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण पूरा होने पर जांच के बाद इसे ओडीएफ घोषित किया जायेगा. इस अवसर पर सीएम ने लोगों को चेताया भी कि आज-कल सोशल मीडिया का जमाना है. किसी ने कहीं खुले में शौच जाते किसी की तस्वीर अपलोड कर दी तो सब करे धरे पर पानी फिर जायेगा. सीएम ने शनिवार
सोशल मीडिया पर बाहर…
को विकास समीक्षा यात्रा के तहत रोहतास की अमेठी पंचायत के सुसाढ़ी गांव में विकास कार्यों का जायजा लिया. सीएम ने कहा कि अमेठी पंचायत के जन-जागृति की चर्चा मैंने काफी सुनी थी और तभी से यहां आने के लिए लालायित था. यह रोहतास जिले का पहला ओडीएफ घोषित पंचायत है. उन्होंने कहा कि 50 के दशक में पंडित नेहरू के विरोधी रहे डॉ राम मनोहर लोहिया ने खुले में शौच करतीं महिलाओं के दर्द को समझते हुए कहा था कि अगर सरकार स्वच्छता अभियान को जमीनी स्तर पर शुरू कर दे तो मैं नेहरू जी का विरोध करना छोड़ दूंगा. आज उनकी सोच बिहार में रंग लाती दिखाई पड़ रही है. इस अवसर पर सीएम ने लोगों से सामाजिक कुरीतियों को भी दूर करने का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि शराबबंदी के बाद बाल विवाह व दहेज प्रथा को भी सब मिल कर बाय-बाय कर पूरी दुनिया को अच्छाई का संदेश दें. उन्होंने लोगों से आगामी 21 जनवरी को बननेवाली मानव शृंखला में सहयोग की अपील भी की.
विकास में शहरों से हो गांवों की तुलना
मुख्यमंत्री ने कहा कि किसानों की आमदनी दोगुनी करने के लिए वर्मी कंपोस्ट सहित अन्य योजनाएं चलायी जा रही हैं. हमारा लक्ष्य है कि गांवों का इस तरह विकास हो कि उसकी तुलना लोग शहरों से करें. उन्होंने कहा कि देश में अपराध के ग्राफ में बिहार 22वें स्थान पर है, लेकिन दहेज उत्पीड़न के मामले में दूसरे स्थान पर है. दहेज के खिलाफ सरकार का अभियान भी इसे 22वें स्थान पर ला देगा.
कॉफी टेबल बुक का विमोचन
कार्यक्रम में कृषि मंत्री सह जिला प्रभारी मंत्री डॉ प्रेम कुमार ने तीसरे कृषि रोड मैप की तैयारी के साथ कृषि क्षेत्र में सरकार के बढ़ते कदम व किसानों की बढ़ती आमदनी का जिक्र किया. कार्यक्रम में कॉफी टेबल बुक का मुख्यमंत्री, कृषि मंत्री, पूर्व विधायक राजेश्वर राज, मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह व डीजीपी पीके ठाकुर ने विमोचन किया. मंच संचालन डीएम अनिमेष कुमार पराशर ने किया. इस मौके पर करगहर विधायक वशिष्ठ सिंह, डीडीसी उदिता सिंह, एसपी मानवजीत सिंह ढिल्लो, बिक्रमगंज के डीसीएलआर शशि शेखर आदि थे.
