Republic Day 2026: गांधी मैदान जाने से पहले जान लें एंट्री गेट, CCTV और वॉच टावर से होगी चप्पे-चप्पे की निगरानी

Republic Day 2026 : इस बार गणतंत्र दिवस समारोह में गांधी मैदान सिर्फ देशभक्ति का मंच नहीं होगा, बल्कि सुरक्षा और प्रबंधन का भी सबसे बड़ा उदाहरण बनेगा. 128 सीसीटीवी कैमरे, 18 वाच टावर और अस्थायी थाना-नियंत्रण कक्ष के साथ प्रशासन ने हर कोने पर कड़ी निगरानी की पूरी तैयारी कर ली है.

Republic Day 2026 : पटना के गांधी मैदान में 77वें गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है. डीएम डॉ. त्यागराजन एसएम ने सोमवार को मैदान का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़, त्रुटिरहित और प्रोटोकॉल के अनुरूप हों.

इस बार भीड़ प्रबंधन, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात संचालन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है, ताकि आम जनता बिना किसी असुविधा के समारोह का आनंद ले सके.

गेट व्यवस्था से लेकर यातायात तक सटीक प्लान

गणतंत्र दिवस समारोह के दिन आम जनता का प्रवेश गांधी मैदान में गेट संख्या 5, 6 और 7 से होगा. जेपी गंगा पथ, अशोक राजपथ, गोलघर, मंदिरी, बुद्धा कॉलोनी और उनसे जुड़े रास्तों से आने वाले लोग गेट 5 और 6 से प्रवेश करेंगे, जबकि बारी पथ, नाला रोड, ठाकुरबारी, बाकरगंज, एग्जीबिशन रोड, फ्रेजर रोड, टीएन बनर्जी रोड और छज्जूबाग की ओर से आने वालों के लिए गेट संख्या 7 निर्धारित किया गया है. मीडिया कर्मियों का प्रवेश गेट संख्या 9 से होगा. इस स्पष्ट व्यवस्था से भीड़ के सुचारू आवागमन और सुरक्षा में आसानी होगी.

128 सीसीटीवी और 18 वाच टावर से चौकस निगरानी

सुरक्षा व्यवस्था इस बार और ज्यादा मजबूत की गई है. डीएम के अनुसार पूरे गांधी मैदान और उसके आसपास 128 सीसीटीवी कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी. इसके साथ ही 18 वाच टावर स्थापित किए गए हैं, जहां से पूरे परिसर पर नजर रखी जाएगी. अस्थायी थाना और नियंत्रण कक्ष भी समारोह के दिन पूरी तरह सक्रिय रहेंगे, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.

चार जोन में बंटा गांधी मैदान

प्रशासनिक और सुरक्षा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए गांधी मैदान को चार जोन और कई सब-सेक्टर में बांटा गया है. प्रत्येक जोन की जिम्मेदारी अपर जिला दंडाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को दी गई है. प्रोटोकॉल के अनुसार बैठने की व्यवस्था, दीर्घा में आने-जाने के रास्ते, सूचना बोर्ड और साइनेज की पूरी व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है.

रोशनी में जगमगाएगा गांधी मैदान

रात के समय सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए प्रकाश व्यवस्था को भी खास तौर पर मजबूत किया गया है. गांधी मैदान और उसके चारों ओर 136 एलईडी मेटल लाइट, 229 पोल लाइट और 15 हाईमास्ट लाइट लगाई गई हैं. इससे पूरा परिसर रोशनी से जगमगाएगा और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत नजर रखी जा सकेगी.

तैयारियों के नियमित पर्यवेक्षण के लिए उप विकास आयुक्त की अध्यक्षता में एक बहु-सदस्यीय उप समिति गठित की गई है, जो 24 घंटे, सातों दिन सक्रिय है. इस समिति में भवन निर्माण विभाग, लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग के अभियंता, नगर कार्यपालक पदाधिकारी, श्रीकृष्ण स्मारक विकास समिति के प्रतिनिधि समेत कई विभागों के अधिकारी शामिल हैं. समिति के सदस्य लगातार गांधी मैदान का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं.

महादलित टोलों में भी होगा विशेष आयोजन

डीएम ने यह भी बताया कि गणतंत्र दिवस के अवसर पर सभी महादलित टोलों में झंडोत्तोलन किया जाएगा. खास बात यह है कि वहां समुदाय के सबसे बुजुर्ग व्यक्ति द्वारा झंडोत्तोलन किया जाएगा, जिससे सामाजिक सम्मान और सहभागिता का संदेश जाएगा.

प्रशासन का दावा है कि इस बार गणतंत्र दिवस समारोह भव्यता, सुरक्षा और अनुशासन का अद्भुत संगम होगा. उत्कृष्ट भीड़ प्रबंधन, सुदृढ़ विधि-व्यवस्था और सुचारू यातायात संचालन के जरिए पटना एक बार फिर राज्य के लिए मिसाल पेश करेगा.

Also Read: छह लाख पेंशनधारकों को अलर्ट, नियम सबके लिए समान, मधुबनी प्रशासन का अल्टीमेटम

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >