राज्यसभा चुनाव: बिहार में सियासी हलचल तेज, तेजस्वी यादव से मिलेंगे AIMIM अध्यक्ष

Rajya Sabha Election: बिहार में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासी समीकरण तेजी से बदल रहे हैं. इसी कड़ी में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव से बुधवार को AIMIM अध्यक्ष अख्तरुल ईमान मुलाकात करेंगे. यह बैठक पटना स्थित तेजस्वी यादव के आवास पर प्रस्तावित है और इसे चुनावी समर्थन के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

Rajya Sabha Election: बिहार की सियासत में राज्यसभा की पांच सीटों के लिए होने वाली जंग अब उस मोड़ पर आ खड़ी हुई है, जहां एक-एक वोट की कीमत कोहिनूर जैसी हो गई है. नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के सरकारी आवास पर आज दोपहर एआईएमआईएम (AIMIM) के प्रदेश अध्यक्ष अख्तरुल ईमान दस्तक देंगे.

इस मुलाकात से पहले ईमान ने जो बयान दिया है, उसने महागठबंधन और एनडीए दोनों के खेमों में खलबली मचा दी है. राज्यसभा की पांचवीं सीट का गणित अब पूरी तरह से ओवैसी के पांच विधायकों और बीएसपी के इकलौते विधायक के हाथ में सिमट गया है.

एक तरफ दरिंदा, एक तरफ शिकारी- अख्तरुल ईमान

तेजस्वी यादव से मुलाकात से ठीक पहले अख्तरुल ईमान ने अपनी सियासी स्थिति को बड़े ही शायराना लेकिन तल्ख अंदाज में साफ किया है. उन्होंने मीडिया से बात करते हुए कहा, “सियासी चक्कर में हम किधर जाएं? एक तरफ दरिंदा है और दूसरी तरफ शिकारी, मैं तो दोनों से बच-बचकर चलता हूं. ” ईमान का यह इशारा साफ तौर पर एनडीए और महागठबंधन की ओर था.

उन्होंने स्पष्ट कर दिया कि वह तेजस्वी से मिलने जरूर जा रहे हैं, लेकिन अंतिम फैसला हैदराबाद में बैठे असदुद्दीन ओवैसी ही लेंगे. अगर बात नहीं बनी, तो एआईएमआईएम ‘नीदर नॉर्थ, नीदर साउथ’ (तटस्थ) रहने का रास्ता भी चुन सकती है.

महागठबंधन की रणनीतिक बैठक

राजनीतिक गतिविधियों के बीच मंगलवार को तेजस्वी यादव ने अपने आवास पर महागठबंधन के सहयोगी दलों के साथ बैठक की थी. इस बैठक में चुनावी रणनीति पर चर्चा हुई और विधायकों को एकजुट रहने का संदेश दिया गया. बैठक में कई अहम नेताओं ने हिस्सा लिया और आगामी चुनावी रणनीति पर विचार-विमर्श किया गया.

AIMIM और BSP की भूमिका अहम

इस बैठक में बीएसपी और एआईएमआईएम के विधायकों को भी आमंत्रित किया गया था, लेकिन दोनों दलों के विधायक बैठक में शामिल नहीं हुए. राज्यसभा चुनाव में एआईएमआईएम के पांच विधायक और बीएसपी के एक विधायक की भूमिका अहम मानी जा रही है. अगर इन दलों का समर्थन किसी एक पक्ष को मिलता है तो चुनावी गणित बदल सकता है.
राजद विधायक भाई वीरेंद्र ने बैठक के बाद दावा किया कि उनकी पार्टी के उम्मीदवार के पास जीत के लिए पर्याप्त समर्थन मौजूद है. उन्होंने कहा कि राजद के पास 41 विधायकों का समर्थन है और पार्टी को अपनी जीत को लेकर पूरा भरोसा है.

क्रॉस वोटिंग को लेकर भी चर्चा

राजनीतिक गलियारों में क्रॉस वोटिंग की आशंका को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं. एनडीए पांचवीं सीट जीतने के लिए अपनी रणनीति तैयार कर रहा है, वहीं महागठबंधन भी अपने विधायकों को एकजुट रखने में जुटा हुआ है.

ऐसे में आज होने वाली तेजस्वी यादव और अख्तरुल ईमान की मुलाकात को राज्यसभा चुनाव की दिशा तय करने वाला अहम राजनीतिक घटनाक्रम माना जा रहा है.

Also Read: तेजस्वी का राज्यसभा गणित फंसा! AIMIM के अख्तरुल इमान ने कहा– अभी तो बारिश की खबर ही नहीं

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >