Raid on Engineer Avadhesh Kumar Sinha: निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पर्यटन विभाग के अधीक्षण अभियंता अवधेश कुमार सिन्हा के पटना स्थित तीन ठिकानों पर छापेमारी कर 1.41 करोड़ रुपये से अधिक की आय से अधिक संपत्ति का खुलासा किया है. निगरानी विभाग ने उनके खिलाफ आय से अधिक संपत्ति का मामला दर्ज करने के बाद विशेष न्यायालय से सर्च वारंट प्राप्त कर यह कार्रवाई की. तलाशी शुक्रवार देर रात तक जारी रही.
निगरानी विभाग के आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, अवधेश कुमार सिन्हा के खिलाफ 1,41,90,000 रुपये की आय से अधिक संपत्ति का पता चला है, जो उनकी कुल ज्ञात वैध आय से लगभग 75 प्रतिशत अधिक है. निगरानी विभाग की तीन अलग-अलग टीमों ने राजीव नगर स्थित फ्रेंड्स कॉलोनी के आवास 'मंगलम' समेत उनके तीन ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की.
करोड़ों के निवेश और संपत्तियों के दस्तावेज बरामद
तलाशी के दौरान आरोपी इंजीनियर और उनके परिजनों के नाम पर करोड़ों रुपये के निवेश, कीमती जेवरात और विभिन्न संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं. आशियाना नगर के फ्रेंड्स कॉलोनी में दो कट्ठा चार धूर जमीन के दस्तावेज मिले हैं, जिसका खरीद मूल्य 75.63 लाख रुपये अंकित है.
इसी जमीन पर निर्मित मकान के लिए सिविल कांट्रेक्टर के साथ किए गए एमओयू के दस्तावेज भी मिले हैं, जिसमें 20 लाख रुपये अग्रिम भुगतान और शेष 97 लाख रुपये आठ किस्तों में भुगतान किए जाने का उल्लेख है.
अन्य जमीन के एग्रीमेंट और बैंक लॉकर का भी मिला पता
निगरानी टीम को एक अन्य जमीन के एग्रीमेंट पेपर भी मिले हैं, जिस पर कुल मूल्य 75.62 लाख रुपये अंकित है. इसके अलावा केनरा बैंक में एक लॉकर का पता चला है, जिसे सील कर दिया गया है. आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत इसे खोला जाएगा.
छापेमारी के दौरान 61 हजार रुपये नकद, 5.05 लाख रुपये मूल्य के सोने के जेवरात, 3.07 लाख रुपये मूल्य के हीरा जड़ित स्वर्णाभूषण तथा डेढ़ लाख रुपये मूल्य के चांदी के आभूषण बरामद किए गए हैं. विभिन्न संपत्तियों से जुड़े 12 डीड के कागजात भी जब्त किए गए हैं.
19 बैंक खातों और तीन फ्लैट के दस्तावेज मिले
निगरानी विभाग को आरोपी और उनके परिवार से संबंधित 19 बैंक खातों के दस्तावेज भी मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है. विभिन्न बीमा पॉलिसियों में किए गए निवेश से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं.
तलाशी के दौरान पटना समेत अन्य स्थानों पर स्थित तीन फ्लैट के दस्तावेज भी मिले हैं. इसके अलावा एक हुंडई कार भी बरामद की गई है. निगरानी ब्यूरो का कहना है कि मामले की जांच अभी जारी है और बैंक खातों तथा लॉकर की जांच पूरी होने के बाद आय से अधिक संपत्ति का आंकड़ा और बढ़ सकता है.
भ्रष्टाचार के मामलों की शिकायत करने की अपील
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने इस कार्रवाई के साथ आम जनता से अपील की है कि यदि कोई सरकारी सेवक रिश्वत की मांग करता है तो इसकी सूचना तत्काल निगरानी विभाग को दें. विभाग ने भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में आम लोगों से सहयोग की भी अपील की है.
