Railway Track Death : पूर्णिया-सहरसा बड़ी लाइन रेलखंड पर मुरलीगंज और जानकीनगर स्टेशन के बीच रूपौली गोठ रेलवे ढाला के समीप रेलवे ट्रैक पर एक 23 वर्षीय महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है.
रेलवे ट्रैक पर मिला 23 वर्षीय महिला का शव
जानकीनगर (पूर्णिया) से नितेश राय की रिपोर्ट के अनुसार, मुरलीगंज-जानकीनगर रेलखंड पर रूपौली गोठ रेलवे ढाला के पास रेलवे ट्रैक पर एक महिला का शव पड़ा मिला. सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बनमनखी शैलेश प्रीतम, राजकीय रेल थाना पुलिस और जानकीनगर थाना की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई.
मृतका की हुई पहचान
राजकीय सहायक रेल थानाध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने बताया कि मृतका की पहचान 23 वर्षीय सीता कुमारी, पति शंकर साह, निवासी हटिया टोला वार्ड संख्या-12, पंचायत रूपौली दक्षिण, थाना जानकीनगर, जिला पूर्णिया के रूप में हुई है. पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना दे दी है.
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया
प्रभारी थानाध्यक्ष पवन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा जा रहा है. मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची पुलिस
रेलवे ट्रैक के बीच शव देख स्थानीय ग्रामीणों ने शोर मचाया, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई. ग्रामीणों ने घटना की सूचना रेलवे गेटमैन को दी. गेटमैन ने तत्काल जानकीनगर रेलवे स्टेशन को जानकारी दी, जिसके बाद स्टेशन अधीक्षक ने कंट्रोल रूम समस्तीपुर और स्थानीय पुलिस को सूचित किया.
35 मिनट तक रुकी रही जानकी एक्सप्रेस
घटना की सूचना मिलने पर कंट्रोल रूम के निर्देश पर जयनगर से मनिहारी जा रही जानकी एक्सप्रेस को मुरलीगंज स्टेशन पर लगभग 35 मिनट तक रोका गया. रेलवे ट्रैक से शव हटाने और पुलिस की प्रारंभिक जांच पूरी होने के बाद ट्रेन का परिचालन सामान्य किया गया.
हर पहलू की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं और मामले की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल मौत के कारणों का आधिकारिक खुलासा नहीं किया गया है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.
