पूर्णिया : बारिश की संभावना के बीच शुक्रवार सुबह से पूर्णिया में मौसम के तेवर तल्ख बने हुए हैं. रातभर उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे और सुबह से तेज धूप ने बेचैनी बढ़ा दी. हालांकि मौसम विभाग ने पूर्णिया और आसपास के जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है. तेज हवा के साथ भारी बारिश की संभावना जतायी गयी है.
बादल छाए रहने के साथ बारिश के आसार
पूर्णिया के मौसम पूर्वानुमान के अनुसार शुक्रवार को आसमान में बादल छाए रह सकते हैं. जिले के एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है. इस दौरान धूल भरी आंधी चलने के भी आसार हैं. मौसम विभाग की ओर से येलो अलर्ट जारी रहने के कारण लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है.
35 डिग्री तक पहुंच सकता है तापमान
पूर्वानुमान के अनुसार पूर्णिया में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 35 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है. बारिश से पहले उमस और गर्मी का असर लोगों को परेशान कर सकता है. वहीं तेज हवा और बारिश होने की स्थिति में तापमान में कुछ गिरावट आने से राहत मिलने की उम्मीद है.
