अमौर. अमौर प्रखंड की बेकनिया बरेली पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय चंपा बरेली में रविवार की रात चोरों ने कार्यालय का ताला तोड़कर हजारों रुपये मूल्य की सरकारी संपत्ति की चोरी कर ली. विद्यालय के प्रधानाध्यापक चंदन कुमार ने बताया कि शनिवार शाम को विद्यालय बंद कर सभी शिक्षक अपने घर चले गये थे. रविवार को अवकाश होने के कारण विद्यालय बंद था. सोमवार सुबह जब शिक्षक व छात्र विद्यालय पहुंचे, तो कार्यालय का नजारा देख दंग रह गये. कार्यालय के दरवाजे का ताला टूटा हुआ था और अंदर सारा सामान बिखरा पड़ा था. चोरों ने न केवल इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को निशाना बनाया, बल्कि बच्चों के निवाले और पढ़ाई के सामान को भी नहीं छोड़ा. चोरों ने 2 टैबलेट, एक साउंड सिस्टम और बैटरी, 5 बोरी एमडीएम (मिड-डे मील) का चावल, 5 कुर्सियां, बच्चों के लिए रखी कॉपियां, पेंसिल, टीएलएम किट और कई महत्वपूर्ण सरकारी रजिस्टर की चोरी कर ली. प्रधानाध्यापक ने चिंता जताते हुए कहा कि विद्यालय में सुरक्षा की स्थिति काफी बदतर है. इससे पूर्व भी विद्यालय से सोलर पैनल की चोरी हो चुकी है. बार-बार हो रही इन घटनाओं से विद्यालय के संसाधन कम हो रहे हैं. इसका सीधा असर बच्चों की शिक्षा पर पड़ रहा है. घटना की सूचना स्थानीय पुलिस प्रशासन को दे दी गयी है. प्रधानाध्यापक और स्थानीय ग्रामीणों ने पुलिस से मांग की है कि मामले की गहनता से जांच कर दोषियों को अविलंब गिरफ्तार किया जाये. थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि मामले की तहकीकात की जा रही है.
चोरों ने स्कूल का ताला तोड़कर की हजारों की चोरी
बेकनिया बरेली पंचायत स्थित प्राथमिक विद्यालय चंपा बरेली का मामला
