केनगर. बीते शनिवार को केनगर थाना पुलिस ने थानाक्षेत्र के ही परोरा से एक युवक को एक देसी पिस्तौल एवं चार खोखा बरामद करने के साथ ही गिरफ्तार कर लिया था. मामले को लेकर रविवार को केनगर थाना परिसर में सदर एसडीपीओ टू राजेश कुमार के नेतृत्व में प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया.प्रेसवार्ता में एसडीपीओ सदर टू राजेश कुमार ने बताया कि 4 अप्रैल को दोपहर करीब 3 बजे केनगर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि परोरा उत्तर बिहार ग्रामीण बैंक के पास और शिव मंदिर से आगे दो युवक अवैध हथियार के साथ घूम रहे हैं. धावा दल को परोरा शिव मंदिर से आगे भेजकर एक युवक को गिरफ्तार कर एक देसी पिस्तौल एवं चार खोखा बरामद किया गया. उन्होंने बताया कि गिरफ्तार युवक थाना क्षेत्र के ही परोरा पंचायत के वार्ड संख्या 16 स्थित परोरा गांव निवासी 19 वर्षीय नीरज कुमार है. उसके विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर रविवार को पुलिस अभिरक्षा में जेल भेज दिया. एसडीपीओ सदर टू राजेश कुमार ने बताया कि छापामारी दल में थानाध्यक्ष पुअनि अजय कुमार अजनबी, पुअनि रूपाली कुमारी, सअनि कृष्ण कुमार सिंह, सअनि ब्रज किशोर कुमार एवं सशस्त्र पुलिस बल शामिल थे.
हथियार संग पकड़ाये युवक को पुलिस ने भेजा जेल
केनगर
