पूर्णिया : शहर के रजनी चौक स्थित बैठा भवन में क्रिएटिव डांस एकेडमी की ओर से सावन महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों एवं संस्था के सदस्यों ने दीप प्रज्वलित कर किया.
महोत्सव में छात्राओं और महिलाओं ने हरे रंग के पारंपरिक परिधानों और श्रृंगार में सजकर सावन के गीतों और नृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं. लोकनृत्य और विभिन्न मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से प्रतिभागियों ने भारतीय संस्कृति और सावन की खूबसूरती को जीवंत किया.
एकेडमी के निदेशक शिवराज सिंह ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजनों का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का मंच देने के साथ उन्हें अपनी परंपराओं और संस्कृति से जोड़ना है. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन समाज में प्रेम, सौहार्द और सकारात्मकता का संदेश भी देते हैं.
कार्यक्रम में शामिल प्रतिभागियों ने आयोजन की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित करने की इच्छा जताई. समापन पर संस्था की ओर से सभी प्रतिभागियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया.
