पूर्णिया : संस्कार भारती पूर्णिया इकाई की साधारण सभा मरंगा स्थित विद्या बिहार टेक्निकल इंस्टीट्यूट परिसर में आयोजित हुई. सभा में संस्कार भारती उत्तर बिहार प्रांत के महामंत्री एवं प्रांतीय पर्यवेक्षक सुरभित दत्त मौजूद रहे. कार्यक्रम का शुभारंभ सुरभित दत्त, जिलाध्यक्ष पल्लवी मिश्रा एवं अमित कुंवर ने दीप प्रज्वलित कर किया. इसके बाद अतिथियों को अंगवस्त्र और पौधा देकर सम्मानित किया गया.
कलाकारों ने दी गीत और नृत्य की प्रस्तुति
बैठक के दौरान कलाकारों ने संस्कार भारती के ध्येय गीत पर नृत्य और स्वागत गीत की प्रस्तुति दी. जिला महामंत्री कुमारी चांदनी शुक्ला ने पिछले वर्ष संस्था की ओर से किए गए कार्यों का विवरण प्रस्तुत किया. साथ ही आगामी कार्यक्रमों और योजनाओं की जानकारी दी.
पंच प्रण को अपनाने का किया आह्वान
प्रांतीय महामंत्री सुरभित दत्त ने सामाजिक समरसता, कुटुंब प्रबोधन, पर्यावरण, स्वदेशी और नागरिक कर्तव्य सहित पंच प्रण पर चर्चा की. उन्होंने सभी सदस्यों से इन मूल्यों को अपने कार्यों में अपनाने का आग्रह किया. साथ ही संस्था की कार्यपद्धति और आगामी गतिविधियों को लेकर मार्गदर्शन दिया.
कला-संस्कृति को आगे बढ़ाने पर जोर
अध्यक्ष पल्लवी मिश्रा ने कहा कि पूर्णिया इकाई के सदस्य पूरी निष्ठा के साथ कला और संस्कृति को आगे बढ़ा रहे हैं. भविष्य में भी सांस्कृतिक गतिविधियों को और गति दी जाएगी. उपाध्यक्ष उदय कुमार सिंह ने सदस्यों को शुभकामनाएं दीं. मंचीय कला विभाग संयोजक अमित कुंवर ने कला विभाग के सदस्यों के कार्यों की सराहना करते हुए आगामी कार्यक्रमों की जानकारी दी.
कार्यक्रम का संचालन सूरज साहनी ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष मनोरंजन कुमार सिंह ने किया. मौके पर विजय कुमार दास, राजीव राज, डॉ. उषा शरण, श्रुति, सागर दास, सूरज साहनी, अभिमन्यु कुमार, नयन राज, किशन कुमार एवं भूमि समेत अन्य सदस्य मौजूद थे. इस दौरान नये सदस्यों के रूप में डॉ. जयदीप मुखर्जी और सुप्रिया मिश्रा के नामों की घोषणा की गई. कार्यक्रम का संयोजन जिला महामंत्री कुमारी चांदनी शुक्ला ने किया.
