पूर्णिया के बड़हराकोठी बाजार में जलजमाव पर फूटा गुस्सा: बड़हरा-बिहारीगंज मुख्य सड़क जाम कर ग्रामीणों ने किया जोरदार प्रदर्शन

पूर्णिया जिले के बड़हराकोठी प्रखंड अंतर्गत बड़हरा बाजार में वर्षों से बनी जलजमाव की गंभीर समस्या को लेकर अब स्थानीय जनता और व्यापारियों के सब्र का बांध टूट गया है. प्रशासनिक उदासीनता से नाराज लोगों ने सड़क पर उतरकर बड़हरा–बिहारीगंज मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया और व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी की.

मुखिया और जनप्रतिनिधियों के नेतृत्व में सड़क पर उतरे आक्रोशित ग्रामीण

जलजमाव और कीचड़ की नारकीय स्थिति से त्रस्त स्थानीय नागरिकों, दुकानदारों और बड़े व्यवसायियों ने गुरुवार को आर-पार की लड़ाई का मन बना लिया. आंदोलन का नेतृत्व पूर्व मुखिया सह मुखियापति राजीव कुमार रंजन एवं वासुदेवपुर पंचायत के वर्तमान मुखिया शेखर गुप्ता उर्फ संजय साह ने संयुक्त रूप से किया. सैकड़ों की संख्या में जुटे प्रदर्शनकारियों ने बड़हरा–बिहारीगंज मुख्य सड़क को बीच बाजार में बांस-बल्ला लगाकर जाम कर दिया. सड़क जाम होने के कारण मार्ग के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटों तक परिचालन पूरी तरह ठप रहा.

हल्की बारिश में ही बन जाता है समंदर, नाला न होने से बदतर हुए हालात

प्रदर्शन स्थल पर मौजूद स्थानीय लोगों ने अपनी व्यथा सुनाते हुए बताया कि बड़हरा–बिहारीगंज मुख्य सड़क पर बड़हरी छठ पोखर से लेकर मुख्य बाजार तक की स्थिति बद से बदतर हो चुकी है. यहाँ मानसून तो दूर, महज हल्की सी प्री-मानसून बारिश होने पर भी सड़क पर एक से दो फीट तक गंदा पानी जमा हो जाता है. सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढे जलजमाव के कारण दिखाई नहीं देते, जिससे आए दिन बाइक सवार और राहगीर गिरकर चोटिल हो रहे हैं. बाजार में पानी की सुचारू निकासी के लिए कोई ड्रेनेज (नाला) सिस्टम नहीं है, जिससे स्थिति पूरी तरह नारकीय हो गई है. मुख्य रास्ता बंद होने के कारण आम लोगों को कई किलोमीटर का चक्कर लगाकर दूसरे ग्रामीण रास्तों का सहारा लेना पड़ता है.

सड़क को ऊंचा करने से बिगड़ा समीकरण, बारिश आते ही चौपट होता है व्यापार

बाजार के पीड़ित व्यवसायियों ने बताया कि पहले इस पूरे इलाके में जलजमाव की ऐसी भयावह समस्या कभी नहीं थी. कुछ साल पहले जब इस मुख्य सड़क का निर्माण कराया गया, तो विभाग द्वारा सड़क को काफी ऊंचा उठा दिया गया, लेकिन इसके समानांतर पानी निकलने के लिए नाले का निर्माण नहीं कराया गया. नतीजतन, पिछले करीब पांच वर्षों से पूरा बाजार हर छोटी-बड़ी बारिश में टापू में तब्दील हो जाता है. दुकानदारों ने दर्द बयां करते हुए कहा कि जैसे ही बारिश शुरू होती है, ग्राहकों का बाजार आना पूरी तरह बंद हो जाता है. दुकानों के आगे गंदा पानी और कीचड़ जमा रहने से दुकानदारी ठप हो जाती है, जिससे व्यापारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है.

प्रशासन को अल्टीमेटम: स्थायी नाला और सड़क मरम्मत नहीं हुई तो ठप होगा प्रखंड

बड़हरा बाजार के प्रदर्शनकारियों ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभाग के खिलाफ कड़ा आक्रोश व्यक्त करते हुए साफ चेतावनी दी है कि यह चक्का जाम महज एक शुरुआत है. यदि जिला प्रशासन और स्थानीय अधिकारियों ने जल्द ही बाजार क्षेत्र की इस मुख्य सड़क की मरम्मत नहीं कराई और पानी निकासी के लिए स्थायी नाला निर्माण का कार्य शुरू नहीं किया, तो आने वाले दिनों में पूरे प्रखंड मुख्यालय का चक्का जाम कर अनिश्चितकालीन और उग्र आंदोलन किया जाएगा. प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाना पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाने और जाम हटाने के प्रयास में जुट गए हैं.

बीकोठी (पूर्णिया) से अरविंद कुमार जायसवाल की रिपोर्ट:

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Divyanshu Prashant

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >