विधानसभा चुनाव का बिगुल बजते ही पूर्णिया में राजनीतिक सरगर्मी तेज, तैयारी में जुटा जिला प्रशासन
आदर्श आचार संहिता लागू , 24 घंटे के अंदर पार्टी के पोस्टर व झंडे हटाने का निर्देश
पूर्णिया. विधानसभा चुनाव का बिगुल बजते ही पूर्णिया में जहां राजनीतिक सरगर्मी अचानक तेज हो गयी है, वहीं जिला प्रशासन चुनाव की तैयारी में पूरी तरह जुट गया है. यहां दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा. इसी के साथ सोमवार की शाम पांच बजे से ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है. जिला प्रशासन ने भयमुक्त वातावरण में स्वच्छ एवं निष्पक्ष मतदान कराने का दावा किया है. जिला निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने सोमवार की शाम आयोजित पत्रकार सम्मेलन में बताया कि यहां दूसरे चरण में 11 नवंबर को मतदान होगा. 13 अक्तूबर को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी. नामांकन भरने की अंतिम तिथि 20 अक्तूबर होगी. 21 अक्तूबर को संवीक्षा एवं 23 अक्तूबर को नाम वापसी की तिथि तय की गयी है. उन्होंने बताया कि 14 नवंबर को मतगणना होगी और 16 नवंबर तक चुनाव की सभी प्रक्रिया समाप्त कर ली जाएगी.जिला निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि इस चुनाव में 20 लाख 85 हजार 87 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. इसमें 10 लाख 99 हजार 912 पुरुष और नौ लाख 85 हजार 103 महिला एवं 72 अन्य मतदाता शामिल हैं. उन्होंने बताया कि कुल 2553 पोलिंग स्टेशन बनाये गये हैं. चुनाव प्रक्रिया के संचालन के लिए कुल 23 कोषांगों का गठन किया गया है. जिला निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि सभी सेक्टरों के लिए अधिकारियों की प्रतिनियुक्ति कर दी गयी है. ये अधिकारी अपने क्षेत्र में बूथों की पहचान कर समस्याएं संग्रह कर रहे हैं जिनका निदान समय से पहले किया जाएगा. कोशिश यही है कि जिले में फ्री एंड फेयर पोल हो.
आचार संहिता का कड़ाई से होगा पालन
जिला निर्वाची पदाधिकारी सह जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने बताया कि चुनाव की तिथि की घोषणा होने के साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गयी है. इसका अनुपालन सभी राजनीतिक दलों के साथ-साथ सभी सरकारी, अर्द्ध सरकारी कर्मियों को भी किया जाना है. इस दौरान कोई भी कर्मी या पदाधिकारी किसी दल विशेष या अभ्यर्थी के बारे में अतिशयोक्ति गुणगान या निंदा न करेंगे और न हीं उनके सभा या सम्मेलन में भाग लेंगे. सभी दलों या अभ्यर्थियों के साथ निष्पक्ष एवं सामान्य आचरण रखेंगे.सरकारी भवनों से पोस्टर, बैनर हटाने की कार्रवाई शुरू
आदर्श आचार संहिता के लागू होने के साथ ही संपूर्ण जिले से राजनीतिक दलों के बैनर, पोस्टर, दीवार लेखन को संबंधित दलों द्वारा हटाया जाना है. जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने शनिवार की शाम को हो सभी दलों की बैठक बुलाकर यह हिदायत दे दी है. उन्होंने बताया कि 24 घंटे के अंदर नहीं हटाए जाने पर आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन माना जाएगा.सोशल मीडिया पर रहेगी पैनी नजर
चुनाव के दौरान सोशल मीडिया पर पैनी नजर रहेगी. अगर कोई भी व्यक्ति अथवा अभ्यर्थी सोशल मीडिया के माध्यम से आदर्श आचार संहिता का उल्लंघन करते पकड़े गये तो उनपर सख्त कार्रवाई की जाएगी.ज्यादा से ज्यादा लोगों से वोट करने की अपील
जिलाधिकारी ने सभी का आह्वान करते हुए कहा कि सभी मतदाता ज्यादा से ज्यादा संख्या में आएं वोटिंग करें और देश के लोकतंत्र को सफल और मजबूत बनाएं. आप हम सभी लोगों की जिम्मेदारी है कि इस लोकतंत्र के महापर्व में अपनी जिम्मेदारी सुनिश्चित करते हुए बिलकुल स्वच्छ, निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से मतदाताओं को मतदान के लिए प्रेरित करते हुए बड़ी संख्या में मतदान सुनिश्चित करने में अपनी भागीदारी निभाएं और लोकतंत्र के पर्व को सफल बनाएं.
चुनावी शंखनाद से सियासी दलों की धड़कनें तेज
पूर्णिया. चुनाव की डुगडुगी बजते ही सियासी दलों की धड़कनें तेज हो गयी हैं. अभी तक किसी भी दल ने अपने प्रत्याशियों की अधिकृत रूप से घोषणा नहीं की है. 2020 के विधानसभा चुनाव में पूर्णिया की सात सीट में से एनडीए गठबंधन को चार सीटें मिली थी जबकि महागठबंधन को एक और एआईएमआईएम को सीटें मिली थी. पूर्णिया सदर और बनमनखी सुरक्षित सीट पर भाजपा, धमदाहा और रूपौली सीट पर जदयू, अमौर और बायसी सीट पर एआईएमआईएम और कसबा सीट पर कांग्रेस के खाते में है. बाद में रूपौली सीट से जदयू की टिकट से जीतीं बीमा भारती के इस्तीफे के बाद यह सीट खाली हो गयी. उपचुनाव में इस सीट से शंकर सिंह निर्दलीय चुनाव जीत गये. इसी तरह बायसी से ओवैसी की पार्टी एआईएमआईएम से जीते सैयद रूकमुद्दीन राजद में शामिल हो गये. दोनों गठबंधन के नेताओं की मानें तो कौन किस सीट से लड़ेगा, यह लगभग फाइनल हो गया है. सिर्फ मुहर लगना बांकी है. अगले दो चार दिनों में इसकी विधिवत घोषणा कर दी जाएगी.चुनाव कार्यक्रम
13 अक्तूबर को की जायेगी अधिसूचना जारी13 अक्तूबर से नामांकन की प्रक्रिया शुरू20 अक्तूबर को नामांकन भरने की अंतिम तिथि21 अक्तूबर को संवीक्षा की तिथि तय23 अक्तूबर को नाम वापसी की तिथि तय11 नवंबर को होगा मतदान14 नवंबर को होगी मतगणना……………………..कुल मतदाताओं की संख्या : 20 लाख 85 हजार 87पुरुष मतदाता : 10 लाख 99 हजार 912महिला मतदाता : 9 लाख 85 हजार 103थर्ड जेंडर मतदाता : 72……………-85 वर्ष से ऊपर आयु वाले मतदाताओं की संख्या 8,768 है-18 से 19 वर्ष की आयु वाले युवा मतदाताओं की संख्या 36611 है-दिव्यांग मतदाताओं की संख्या 19,746 और सर्विस वोटर 1,096 हैं-मतदाताओं के पुरुष और महिला मतदाताओं का लिंगानुपात 896 है
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
