प्रदेश सरकार व पदाधिकारियों की खत्म हो गयी है संवेदनाएं : सांसद

मृतक के परिजनों की पप्पू यादव ने की आर्थिक मदद

सड़क दुर्घटना में धमदाहा के मृतक के परिजनों की पप्पू यादव ने की आर्थिक मदद पूर्णिया. जिले के धमदाहा थाना क्षेत्र स्थित कुंवारी गोला गांव में बीते दिनों हुई सड़क दुर्घटना में पांच लोगों की मौत हो गई थी सांसद पीड़ित परिवारों से मिलने पहुंचे पूर्णिया के सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार पर जमकर हमला बोला. उन्होंने इसे उन गरीब परिवारों के लिए आपदा बताया, जिनकी इस घटना में जान चली गयी. इस दौरान उन्होंने मृतक जागो ऋषि, कृष्ण कुमार ऋषि, जगना ऋषि और कंचन देवी के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की और आगे भी हर संभव मदद का भरोसा दिया. पीड़ित परिवार में शादी के उत्सव का माहौल इस घटना के बाद गम में बदल गया, जो बेहद दयनीय है. बावजूद इसके सरकार और उनके पदाधिकारियों ने मामले में संज्ञान लेना तक जरुरी नहीं समझा. पीड़ित परिवारों से मुलाकात के बाद सांसद ने कहा कि प्रदेश में सरकार और पदाधिकारियों की संवेदनाएं पूरी तरह समाप्त हो चुकी है. उन्होंने आरोप लगाया कि यही वजह है कि राज्य में आम लोगों का जीवन कष्टमय होता जा रहा है और दुर्घटना जैसी घटनाओं के बाद भी पीड़ितों को समय पर राहत नहीं मिलती.उन्होंने कहा कि कुंवारी गोला के पीड़ित परिवारों को अब तक सरकारी सहायता नहीं मिलना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है. इसलिए हम सरकर से अविलंब इस मामले को संज्ञान में लेकर पीड़ितों को 25 –25 लाख रूपये मुआवजा में देने की मांग करते हैं. साथ ही ऐसी घटना की पुनरावृत्ति ना हो इसके लिए आवश्यक कदम उठाये जाने का भी आग्रह करते हैं. सांसद ने कहा कि वे शुरू से ही सड़क दुर्घटना को लेकर प्रशासन को सर्तक करते रहे हैं, लेकिन इसकी अनदेखी के परिणाम स्वरूप ये घटनाएं जारी हैं. सांसद ने कहा कि जब उन्हें इस घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत पीड़ितों के बीच पहुंचे और अपनी ओर से सहायता दी. उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि ऐसे हादसों के बाद तत्काल राहत, मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था की जाए, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में पीड़ितों को अपने हाल पर छोड़ दिया जाता है. उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता में बैठे लोग जनता के दुख-दर्द से पूरी तरह कट चुके हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि जब भी वे गरीबों और पीड़ितों की आवाज उठाते हैं तो उन्हें परेशान किया जाता है, यहां तक कि जेल भेज दिया जाता है. उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि वे अंतिम व्यक्ति तक न्याय और मदद पहुंचाने की लड़ाई जारी रखेंगे, चाहे इसके लिए उन्हें कितनी भी कीमत क्यों न चुकानी पड़े. इस अवसर पर मुखिया रितेश यादव, जिला परिषद सदस्य अशोक हांसदा, सांसद प्रवक्ता राजेश यादव, पूर्व मुखिया मो जेहरुदिन, विजय यादव, सुधीर यादव, संगम, प्रियांशु मंडल आदि लोग मौजूद रहे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: ARUN KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >