Purnia Weather Alert: पूर्णिया में मानसून अब पूरी तरह सक्रिय हो चुका है. मौसम विभाग ने जिले में भारी बारिश, 60 किमी प्रति घंटे तक की तेज आंधी और बिजली की चेतावनी जारी करते हुए ऑरेंज अलर्ट घोषित किया है. ऐसे में आज बाहर निकलने की योजना बना रहे लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की जरूरत है.
भीषण गर्मी से राहत तो मिली है, लेकिन अब मानसून अपने साथ नई चुनौतियां लेकर आया है. शुक्रवार की सुबह पूर्णिया का मौसम पूरी तरह बदला-बदला नजर आया. आसमान घने बादलों से ढका रहा और वातावरण में ठंडक महसूस की गई. हालांकि रात में बारिश नहीं हुई, लेकिन मौसम विभाग का अनुमान है कि दिनभर में कभी भी तेज बारिश, आंधी और वज्रपात हो सकता है. इसे देखते हुए लोगों से सुरक्षित स्थानों पर रहने और अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की अपील की गई है.
बदल गया मौसम का मिजाज, गर्मी से मिली राहत
पिछले कुछ दिनों तक भीषण गर्मी और उमस ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया था. दो दिन पहले तक तेज धूप और गर्म हवाओं से लोग परेशान थे, लेकिन गुरुवार से मानसून की सक्रियता बढ़ने के बाद मौसम का रुख पूरी तरह बदल गया है. सुबह से ही आसमान में बादलों का डेरा देखने को मिला और तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई. इससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिली है.
मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने पूर्णिया सहित आसपास के इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों के दौरान भारी बारिश हो सकती है. इसके साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है. मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि मानसूनी गतिविधियां फिलहाल काफी सक्रिय हैं, इसलिए मौसम में तेजी से बदलाव देखने को मिल सकता है.
बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा
भारी बारिश के साथ वज्रपात की आशंका भी जताई गई है. विशेषज्ञों ने लोगों को खुले मैदान, पेड़ों के नीचे और बिजली के खंभों के आसपास खड़े होने से बचने की सलाह दी है. खराब मौसम के दौरान सुरक्षित भवनों में रहने की अपील की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके.
आज क्या बरतें सावधानी?
मौसम विभाग ने कहा है कि जिन लोगों को जरूरी काम से बाहर निकलना हो, वे मौसम की जानकारी लेकर ही घर से निकलें. तेज आंधी और बारिश के दौरान वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होगी. किसानों और ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है/
मानसून की दस्तक से खुश भी हैं लोग
एक तरफ जहां खराब मौसम को लेकर सतर्कता बरतने की जरूरत है, वहीं दूसरी तरफ मानसून की सक्रियता ने लोगों को गर्मी से राहत भी दी है. लगातार बढ़ते तापमान के बीच बारिश की संभावना से किसानों के चेहरे पर भी उम्मीद की चमक दिखाई दे रही है. आने वाले दिनों में मानसून और अधिक सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं.
Also Read: बिहार के उपमुख्यमंत्री को धमकी भरा कॉल, साइबर थाने में FIR, जांच में जुटी पुलिस
