पूर्णिया विश्वविद्यालय ने जारी की स्नातक नामांकन की दूसरी मेरिट लिस्ट, 1 जुलाई तक लें एडमिशन

Purnia University UG Merit List: पूर्णिया विश्वविद्यालय ने यूजी सत्र 2026-30 के लिए दूसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है. चयनित अभ्यर्थी 1 जुलाई तक आवंटित कॉलेज में नामांकन करा सकते हैं. नामांकन के साथ प्रथम सेमेस्टर का रजिस्ट्रेशन भी किया जाएगा.

Purnia University UG Merit List: पूर्णिया विश्वविद्यालय ने चार वर्षीय स्नातक (यूजी) सत्र 2026-30 के कला, विज्ञान और वाणिज्य संकाय के प्रथम सेमेस्टर में नामांकन के लिए दूसरी मेरिट लिस्ट जारी कर दी है. दूसरी मेधा सूची के आधार पर नामांकन की प्रक्रिया 30 जून से 1 जुलाई 2026 तक चलेगी.

समर्थ पोर्टल से डाउनलोड करें ऑफर लेटर

विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार दूसरी मेरिट सूची में चयनित अभ्यर्थियों के पंजीकृत ई-मेल पर समर्थ पोर्टल के माध्यम से ऑफर लेटर भेज दिया गया है. अभ्यर्थी समर्थ पोर्टल से ऑफर लेटर डाउनलोड कर आवंटित महाविद्यालय में निर्धारित अवधि के भीतर नामांकन करा सकते हैं.

1 जुलाई तक हर हाल में कराना होगा नामांकन

विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि दूसरी मेरिट सूची में चयनित सभी अभ्यर्थियों को 1 जुलाई तक संबंधित कॉलेज में उपस्थित होकर नामांकन कराना अनिवार्य होगा. निर्धारित तिथि के बाद किसी भी परिस्थिति में नामांकन की अवधि नहीं बढ़ाई जाएगी.

नामांकन के समय ये दस्तावेज लाना होगा जरूरी

नामांकन के समय अभ्यर्थियों को 10वीं और 12वीं के मूल अंकपत्र, मूल प्रमाणपत्र, जाति प्रमाणपत्र (यदि लागू हो), मूल एसएलसी/टीसी, माइग्रेशन प्रमाणपत्र (यदि लागू हो) तथा अन्य आवश्यक दस्तावेज साथ लाने होंगे. मूल प्रमाणपत्रों के सत्यापन और एसएलसी/टीसी जमा किए बिना नामांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा. साथ ही अभ्यर्थी की शारीरिक उपस्थिति भी अनिवार्य होगी.

नामांकन के साथ होगा रजिस्ट्रेशन

विश्वविद्यालय ने बताया कि नामांकन के साथ ही प्रथम सेमेस्टर के पंजीयन (रजिस्ट्रेशन) की प्रक्रिया भी पूरी की जाएगी. इसलिए सभी अभ्यर्थियों को माइग्रेशन प्रमाणपत्र सहित सभी जरूरी दस्तावेज साथ लाने की सलाह दी गई है.

एससी-एसटी और छात्राओं के लिए शुल्क में छूट

राजभवन, पटना के निर्देशानुसार अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) तथा सभी वर्गों की छात्राओं से नामांकन शुल्क नहीं लिया जाएगा. अन्य अभ्यर्थियों के लिए प्रथम सेमेस्टर का शुल्क ₹2255 निर्धारित किया गया है. वहीं विज्ञान, भूगोल, मनोविज्ञान, गृह विज्ञान और संगीत जैसे प्रायोगिक विषयों के लिए ₹600 अतिरिक्त प्रयोगशाला शुल्क देना होगा.

अतिरिक्त शुल्क लेने पर करें शिकायत

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सभी संबद्ध महाविद्यालयों को निर्धारित शुल्क से अधिक राशि नहीं लेने का निर्देश दिया है. यदि कोई कॉलेज अतिरिक्त शुल्क की मांग करता है तो छात्र-छात्राएं इसकी शिकायत छात्र कल्याण अधिष्ठाता से कर सकते हैं.

और पढ़ें: बिजली विभाग ने जारी किए हेल्पलाइन नंबर, आंधी-बारिश से प्रभावित आपूर्ति हुई बहाल

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >