पूर्णिया से अरूण कुमार की रिपोर्ट
Purnia Theatre Show: कला भवन, नाट्य विभाग, पूर्णिया द्वारा प्रत्येक माह आयोजित होने वाले लोकप्रिय सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘कलाकारों का मंच’ के तहत इस बार रविवार, 28 जून को डॉ. लक्ष्मी नारायण सुधांशु की स्मृति में दो भव्य नाट्य प्रस्तुतियां आयोजित की जाएंगी. कार्यक्रम का आयोजन कला भवन परिसर स्थित सुधांशु रंगशाला में होगा.
पहली बार होगा ‘सीता स्वयंवर’ का भव्य मंचन
कार्यक्रम की शुरुआत शाम 5 बजे कोशी आलोक प्रोडक्शन, पूर्णिया की प्रस्तुति ‘सीता स्वयंवर’ से होगी. इस नाटक का निर्देशन सुनील सुमन तथा सह-निर्देशन सुमित निहाल कर रहे हैं. खास बात यह है कि पूर्णिया में पहली बार इतने भव्य स्तर पर ‘सीता स्वयंवर’ का मंचन कला भवन के मंच से किया जाएगा.
शाम 7 बजे प्रस्तुत होगा ‘सिंहासन’
दूसरी प्रस्तुति शाम 7 बजे कला भवन, नाट्य विभाग द्वारा चर्चित साहित्यकार चंद्र किशोर जायसवाल रचित नाटक ‘सिंहासन’ की होगी. इसका निर्देशन वरिष्ठ रंगकर्मी कुंदन कुमार सिंह ने किया है. सह-निर्देशन शिवाजी राम राव तथा निर्देशन सहयोग अंजनी श्रीवास्तव कर रहे हैं. नाटक को प्रभावशाली और भव्य बनाने के लिए पूरी टीम लगातार अभ्यास में जुटी हुई है.
कलाकारों को मिल रहा राष्ट्रीय मंच की ओर बढ़ने का अवसर
पूर्णिया के वरिष्ठ रंगकर्मी एवं बिहार कला पुरस्कार तथा भिखारी ठाकुर सम्मान से सम्मानित श्विश्वजीत कुमार सिंह ने बताया कि ‘कलाकारों का मंच’ स्थानीय कलाकारों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान कर रहा है. उन्होंने कहा कि कला भवन का उद्देश्य पूर्णिया की सांस्कृतिक और रंगमंचीय पहचान को राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचाना है. आज यहां से जुड़े कई कलाकार देशभर में अपनी अलग पहचान बना चुके हैं.
उन्होंने बताया कि ‘सीता स्वयंवर’ और ‘सिंहासन’ दोनों नाटकों के कलाकार अपने पात्रों को जीवंत बनाने के लिए लगातार अभ्यास कर रहे हैं. दोनों प्रस्तुतियां दर्शकों के लिए यादगार साबित होंगी.
सांस्कृतिक संध्या का कार्यक्रम
- ‘सीता स्वयंवर’ – शाम 5:00 बजे.
- ‘सिंहासन’ – शाम 7:00 बजे.
