आज का दर्शन: पूर्णिया के इस शनि मंदिर में एक साथ होते हैं शनिदेव और बजरंगबली के दर्शन

Purnia Shani Temple: पूर्णिया के ततमा टोली स्थित शनि मंदिर में शनिदेव और भगवान हनुमान के दर्शन के लिए हर शनिवार बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं.

पूर्णिया से अखिलेश चन्द्रा की रिपोर्ट


Purnia Shani Temple: शहर के रजनी चौक से सटे ततमा टोली स्थित ठाकुरबाड़ी परिसर में अवस्थित शनिदेव का मंदिर श्रद्धालुओं की अटूट आस्था का प्रमुख केंद्र है. घनी आबादी के बीच स्थित इस मंदिर में न केवल स्थानीय लोग बल्कि शहर के विभिन्न हिस्सों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन-पूजन के लिए पहुंचते हैं. मंदिर परिसर के मुख्य भाग में शनिदेव विराजमान हैं, जबकि सामने भगवान हनुमान की प्रतिमा स्थापित है. श्रद्धालु यहां एक साथ दोनों देवताओं का दर्शन कर पूजा-अर्चना करते हैं.

राम-जानकी, मां दुर्गा और शिव परिवार भी विराजमान

शनिदेव और भगवान हनुमान के अलावा मंदिर परिसर में भगवान राम-जानकी, मां दुर्गा तथा शिव परिवार की आकर्षक संगमरमर की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं. धार्मिक आयोजनों और पर्व-त्योहारों के दौरान यहां विशेष पूजा-अर्चना होती है. मंदिर का शांत वातावरण श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करता है.

ग्रहों की शांति और सुख-समृद्धि की कामना से पहुंचते हैं श्रद्धालु

हर शनिवार को मंदिर में सुबह से देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है. भक्त शनिदेव को तेल अर्पित कर ग्रह दोषों की शांति, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना करते हैं. मान्यता है कि श्रद्धा और विधि-विधान से शनिदेव की पूजा करने पर जीवन के कष्ट दूर होते हैं और शुभ फल की प्राप्ति होती है.

सावन अमावस्या पर धूमधाम से मनाई जाती है शनि जयंती

मंदिर में सावन अमावस्या के अवसर पर शनि जयंती विशेष उत्साह के साथ मनाई जाती है. इस अवसर पर मंदिर को आकर्षक ढंग से सजाया जाता है और श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी महाभोग का वितरण किया जाता है. धार्मिक अनुष्ठानों और भजन-कीर्तन के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु शनि महाराज का आशीर्वाद लेने पहुंचते हैं.

यहां पहुंचना है आसान

ततमा टोली स्थित यह मंदिर भट्ठा बाजार के समीप होने के कारण शहर के सभी प्रमुख मार्गों से आसानी से जुड़ा हुआ है. पूर्णिया जंक्शन, पूर्णिया कोर्ट और विभिन्न राष्ट्रीय एवं राज्य मार्गों से यहां आसानी से पहुंचा जा सकता है. शनिवार और विशेष धार्मिक अवसरों पर मंदिर में श्रद्धालुओं की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिलती है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >