मच्छरदानी के अंदर घुसा जहरीला सांप, पूर्णिया में दो सगी बहनों की मौत, मां और भाई की जान बची

पूर्णिया के जानकीनगर में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. घर में सो रही मां और चार बच्चों के बीच मच्छरदानी में घुसे सांप ने दो सगी बहनों को डस लिया. इलाज के लिए ले जाते समय दोनों बच्चियों की मौत हो गई.

Purnia News: पूर्णिया जिले के जानकीनगर थाना क्षेत्र के रूपौली दक्षिण पंचायत के वार्ड नंबर-1 स्थित रमजानी गांव में गुरुवार देर रात हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. घर में पलंग पर मच्छरदानी लगाकर सो रही मां और चार बच्चों के बीच किसी तरह एक जहरीला सांप घुस गया. कुछ ही मिनटों में उसने दो सगी बहनों को डस लिया. इलाज के लिए अस्पताल ले जाने के दौरान दोनों बच्चियों की मौत हो गई.

मृतक बच्चियों की पहचान 15 वर्षीय साक्षी कुमारी और 3 वर्षीय निशा कुमारी के रूप में हुई है. दोनों संजय मंडल की पुत्रियां थीं.

रात एक बजे रोने की आवाज से खुली मां की नींद

मृतक बच्चियों के पिता संजय मंडल के अनुसार गुरुवार रात उनकी पत्नी अपने चार बच्चों के साथ एक ही पलंग पर मच्छरदानी के अंदर सो रही थीं. बच्चों में साक्षी कुमारी (15), निशा कुमारी (3), सोनी कुमारी (2) और 5 वर्षीय पुत्र अभिषेक कुमार शामिल थे.

रात करीब एक बजे तीन वर्षीय निशा के रोने की आवाज सुनकर उसकी मां की नींद खुली. उन्होंने देखा कि मच्छरदानी के अंदर मौजूद सांप निशा की उंगली को मुंह से पकड़े हुए था. शोर मचाने पर सांप नीचे की ओर सरक गया.

बड़ी बहन ने भी बताई हाथ में झनझनाहट

इसी दौरान बड़ी बेटी साक्षी कुमारी ने भी बताया कि उसके हाथ में तेज झनझनाहट हो रही है. जब परिजनों ने उसकी उंगली देखी तो वहां हल्का रक्तस्राव दिखाई दिया. इसके बाद आशंका हुई कि सांप ने उसे भी काट लिया है.

परिजनों के अनुसार दोनों बहनों के बीच में उनका पांच वर्षीय भाई भी सोया हुआ था, लेकिन उसे सांप ने नहीं काटा. इस तरह मां और भाई की जान बच गई. लोगों ने सांप को पकड़ कर मार डाला.

पहले झाड़-फूंक, फिर अस्पताल, रास्ते में दोनों ने तोड़ा दम

घटना के बाद परिवार के लोग दोनों बच्चियों को पहले झाड़-फूंक के लिए पास के स्थान पर ले गए. वहां से उन्हें तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल बनमनखी ले जाया गया.

प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें पूर्णिया रेफर कर दिया. लेकिन पूर्णिया ले जाने के दौरान रास्ते में ही दोनों बहनों ने दम तोड़ दिया.

परिवार में मचा कोहराम

दो सगी बहनों की एक साथ मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया है. गांव में भी शोक और स्तब्धता का माहौल है.

संजय मंडल ने बताया कि दोनों बच्चियों का अंतिम संस्कार गंगा की धारा में प्रवाहित कर किया जाएगा.

Purnia News: पुलिस ने क्या कहा?

जानकीनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि दो बच्चियों की सांप के काटने से मौत होने की सूचना मिली थी.

उन्होंने कहा कि परिजनों ने पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया, इसलिए आगे की कार्रवाई उसी आधार पर की जा रही है.

Also Read: पटना: हादसे में युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने पुलिस पर किया पथराव; बस समेत कई गाड़ियां फूंकी

Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अरुण कुमार

अरुण कुमार प्रिंट माध्यम में 32 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. करियर की शुरुआत दैनिक हिन्दुस्तान से की. अभी प्रभात खबर के पूर्णिया कार्यालय में कार्यरत हैं. सामाजिक सरोकार, अपराध, शिक्षा, राजनीतिक खबरों में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >