घर में सो रही महिला की हत्या, रात के अंधेरे में दरवाजा तोड़ घुसे हमलावर

Purnia news: मृतका की पहचान 32 वर्षीय पूनम देवी, पति बबलू राम, के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

Purnia news: पूर्णिया के जानकीनगर से नितेश राय की रिपोर्ट:

पूर्णिया जिले के बनमनखी थाना क्षेत्र अंतर्गत धरहारा चकला भुनाई पंचायत के वार्ड संख्या-01 में बीती रात एक महिला की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई. बदमाशों ने कथित तौर पर घर का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसने के बाद महिला की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए.

मृतका की पहचान 32 वर्षीय पूनम देवी, पति बबलू राम, के रूप में हुई है. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है.

बच्चे के शोर मचाने पर खुला घटना का राज

परिजनों के अनुसार पूनम देवी रात में खाना खाने के बाद अपने बच्चे के साथ घर में सोई हुई थी. देर रात अज्ञात लोग घर का टाट तोड़कर अंदर घुसे और महिला की हत्या कर दी.

सुबह जब महिला का बच्चा उठा तो उसने मां को जगाने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर रोते हुए शोर मचाने लगा. बच्चे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, जहां महिला का शव पड़ा मिला.

जमीन विवाद में हत्या की आशंका

मृतका के भाई अनिल राम ने बताया कि पड़ोसियों के साथ जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था. उन्होंने आरोप लगाया कि करीब 12 दिन पहले उनकी बहन को जान से मारने की धमकी भी दी गई थी.

घटना की जानकारी मिलते ही बनमनखी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए.

पुलिस जांच में जुटी

घटनास्थल पर पहुंचे अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) शैलेश प्रीतम ने मामले की जांच की. वहीं बनमनखी थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि महिला का शव बरामद किया गया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है. शव को पोस्टमार्टम के लिए जीएमसीएच पूर्णिया भेजा जाएगा.

पुलिस हत्या के पीछे जमीन विवाद समेत अन्य पहलुओं की जांच कर रही है.

ALSO READ: बारात में हर्ष फायरिंग, डीजे पर डांस के दौरान युवक को लगी गोली


प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Shruti Kumari

श्रुति कुमारी एक पत्रकार और डिजिटल कंटेंट राइटर हैं। उन्होंने भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से अंग्रेजी पत्रकारिता में स्नातकोत्तर डिप्लोमा प्राप्त किया है। वर्तमान में वे प्रभात खबर डिजिटल में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उन्हें विभिन्न प्लाटफॉर्म्स पर डिजिटल पत्रकारिता और कंटेंट राइटिंग का लगभग दो वर्षों का अनुभव है। सामाजिक मुद्दों, महिला सशक्तिकरण, राजनीति, शिक्षा और लाइफस्टाइल जैसे विषयों पर लिखना उनकी विशेष रुचि का क्षेत्र है। इसके अलावा वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए स्क्रिप्ट राइटिंग करती हैं तथा हिंदी कविता और अंगिका भाषा में लेखन का भी शौक रखती हैं। प्रकृति से उनका विशेष लगाव है और वे मानती हैं कि संवेदनशील, तथ्यपरक और जनसरोकार से जुड़ी पत्रकारिता समाज में सकारात्मक बदलाव का माध्यम बन सकती है।

और पढ़ें
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >