Purnia News: पूर्णिया के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. विवेकानंद ने गुरुवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत कसबा थाना का निरीक्षण किया. थाना परिसर पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया.
निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाना की व्यवस्थाओं, अपराध नियंत्रण की स्थिति और लंबित मामलों की समीक्षा करते हुए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए.
अपराध पंजी से लेकर मालखाना तक की हुई जांच
आईजी ने थाना के अपराध पंजी, केस डायरी, मालखाना, हाजत, शस्त्रागार, रिकॉर्ड संधारण और थाना परिसर की साफ-सफाई का बारीकी से निरीक्षण किया.
उन्होंने सभी अभिलेखों को व्यवस्थित रखने और प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया. अधिकारियों से कहा गया कि रिकॉर्ड प्रबंधन में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए.
लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन पर जोर
निरीक्षण के दौरान आईजी ने लंबित कांडों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने वारंट और कुर्की की कार्रवाई में तेजी लाने तथा फरार अपराधियों की गिरफ्तारी को प्राथमिकता देने को कहा.
उन्होंने स्पष्ट किया कि गंभीर मामलों में त्वरित कार्रवाई और प्रभावी जांच के माध्यम से अपराध नियंत्रण को मजबूत किया जाए.
फरियादियों के साथ संवेदनशील व्यवहार की हिदायत
आईजी डॉ. विवेकानंद ने पुलिस पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि थाना आने वाले प्रत्येक फरियादी की शिकायत का समय पर निस्तारण किया जाए.
उन्होंने कहा कि आम लोगों के साथ संवेदनशील, सौहार्दपूर्ण और सम्मानजनक व्यवहार बनाए रखना पुलिस की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है. जनता का विश्वास जीतना और उसे बनाए रखना प्रभावी पुलिसिंग का महत्वपूर्ण आधार है.
गश्ती बढ़ाने और शराबबंदी कानून के सख्त पालन के निर्देश
उन्होंने क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्ती बढ़ाने, शराबबंदी कानून का सख्ती से पालन कराने और असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया.
आईजी ने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई लगातार जारी रहनी चाहिए ताकि क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत बनी रहे.
Purnia News: SSP डॉ. शौर्य सुमन भी रहे मौजूद
निरीक्षण के दौरान पूर्णिया के वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन भी मौजूद रहे. उनके साथ कसबा थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन, अपर थानाध्यक्ष प्रिंस कुमार सहित सभी पुलिस पदाधिकारी और पुलिसकर्मी उपस्थित थे.
पुलिस अधिकारियों ने थाना की वर्तमान स्थिति, लंबित मामलों और क्षेत्र में चल रहे अपराध नियंत्रण अभियान की जानकारी आईजी को दी.
Also Read: पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल आठवें दिन खत्म, सीधे अकाउंट में वेतन व बोनस का मिलेगा लाभ
