Purnia News: पूर्णिया जिले के अमौर नगर पंचायत सभागार में गुरुवार को सामान्य मासिक बोर्ड बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता मुख्य पार्षद बीबी दिल आरा बेगम ने की, जबकि नगर कार्यपालक पदाधिकारी विजय प्रताप सिंह ने बैठक का संचालन किया.
बैठक में उपमुख्य पार्षद और सभी वार्डों के वार्ड पार्षद मौजूद रहे. नगर पंचायत के सर्वांगीण विकास, आधारभूत सुविधाओं और स्थानीय समस्याओं के समाधान को लेकर कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई और विभिन्न एजेंडों पर सर्वसम्मति से निर्णय लिए गए.
पहले के प्रस्तावों की हुई समीक्षा
बैठक की शुरुआत पूर्व में आयोजित बोर्ड बैठक की कार्यवाहियों और पारित प्रस्तावों की समीक्षा से हुई. सदस्यों ने पूर्व निर्णयों की प्रगति की जानकारी ली और उनकी संपुष्टि की.
इसके साथ ही लंबित विकास कार्यों को गति देने और विभागीय स्तर पर समन्वय बढ़ाने पर भी जोर दिया गया.
15 अगस्त समारोह की तैयारियों पर चर्चा
बैठक में आगामी स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नगर पंचायत क्षेत्र में होने वाले झंडारोहण और अन्य आयोजनों की रूपरेखा पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया.
अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने कार्यक्रम को गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से आयोजित करने के लिए आवश्यक तैयारियां समय पर पूरी करने पर सहमति जताई.
सड़क निर्माण और जलजमाव प्रमुख मुद्दा
बैठक के दौरान वार्ड संख्या-06 में सरफ नगर ग्रामीण सड़क से ज़फरूल के घर होते हुए नाजिम के घर तक पीसीसी सड़क निर्माण कार्य पर चर्चा की गई और आगे की रणनीति तय की गई.
मानसून को देखते हुए नगर पंचायत के सभी 12 वार्डों में जलजमाव की समस्या, जल निकासी व्यवस्था और ग्रामीण सड़कों व गलियों की मरम्मत को प्राथमिकता देने का निर्णय लिया गया. सदस्यों ने कहा कि बरसात के दौरान जल निकासी बेहतर नहीं होने से लोगों को काफी परेशानी होती है, इसलिए इस दिशा में त्वरित कार्रवाई आवश्यक है.
विकास कार्यों को समयबद्ध पूरा करने की प्रतिबद्धता
बैठक के अंत में नगर कार्यपालक पदाधिकारी विजय प्रताप सिंह ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया.
उन्होंने कहा कि नगर पंचायत के विकास कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा करने के लिए प्रशासन प्रतिबद्ध है और बोर्ड द्वारा लिए गए निर्णयों को प्राथमिकता के आधार पर लागू किया जाएगा.
Purnia News: कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
बैठक में मुख्य पार्षद प्रतिनिधि मो. शाहनवाज आलम, उपमुख्य पार्षद प्रतिनिधि इकराम राही, प्रधान लिपिक सुमन कुमार सहित सभी वार्ड पार्षद उपस्थित रहे.
सभी सदस्यों ने नगर पंचायत क्षेत्र के विकास, स्वच्छता, सड़क और बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर अपने सुझाव और विचार रखे.
Also Read: पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल आठवें दिन खत्म, सीधे अकाउंट में वेतन व बोनस का मिलेगा लाभ
