Purnia News: पूर्णिया जिले के अमौर थाना क्षेत्र के हरिपुर में जमीन विवाद से जुड़े गंभीर मामले में पुलिस ने फरार आरोपियों पर दबाव बढ़ाना शुरू कर दिया है. कांड संख्या 92/25 के नामजद आरोपी मुस्तफा और तोसीफ के घर पर न्यायालय के आदेशानुसार इश्तेहार चिपकाया गया.
यह कार्रवाई अमौर थाना के एएसआई बंश भूषण और पुलिस बल की मौजूदगी में की गई.
जमीन पर निर्माण को लेकर हुआ था विवाद
प्राथमिकी के अनुसार यह मामला हरिपुर बंगा टोली निवासी मो. नाजिम के आवेदन पर दर्ज किया गया था.
शिकायत में कहा गया है कि 8 मार्च 2025 को दोपहर लगभग 12 बजे जमीन विवाद के दौरान आरोपियों ने कथित तौर पर उनकी जमीन पर जबरन पक्का मकान बनाने का प्रयास किया.
विरोध करने पर जानलेवा हमले का आरोप
प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि निर्माण का विरोध करने पर मुस्तफा और तोसीफ सहित अन्य लोगों ने लाठी-डंडों, कुल्हाड़ी, कुदाल और ईंट-पत्थरों से शिकायतकर्ता और उनके परिजनों पर हमला किया.
इस घटना में कई लोगों के गंभीर रूप से घायल होने की बात कही गई है.
गंभीर धाराओं में दर्ज है मामला
पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है.
जांच के दौरान दोनों आरोपी लगातार फरार चल रहे थे, जिसके बाद न्यायालय से प्राप्त आदेश के आधार पर इश्तेहार चिपकाने की कार्रवाई की गई.
Purnia News: आत्मसमर्पण नहीं किया तो होगी कुर्की-जब्ती
अमौर थाना पुलिस ने बताया कि यदि आरोपी निर्धारित समय के भीतर न्यायालय में आत्मसमर्पण नहीं करते हैं, तो उनके खिलाफ कुर्की-जब्ती की कानूनी प्रक्रिया शुरू की जाएगी.
पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी और न्यायिक प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए आगे भी आवश्यक कार्रवाई जारी रहेगी.
Also Read: पटना में सफाईकर्मियों की हड़ताल आठवें दिन खत्म, सीधे अकाउंट में वेतन व बोनस का मिलेगा लाभ
