पूर्णिया : मरंगा थाना क्षेत्र के चर्चित नेवालाल चौक पर गुरुवार देर शाम हुई गोलीबारी की घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है. शुक्रवार को वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. शौर्य सुमन ने अस्पताल पहुंचकर दोनों घायलों का हालचाल जाना. वहीं आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सदर-1 अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया है.
पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम करीब आठ बजे अज्ञात अपराधियों ने चाय दुकान के समीप नगर निगम की पार्षद राखी कुशवाहा के पुत्र शुभम कुशवाहा और उनके रिश्ते के मामा सागर कुशवाहा पर फायरिंग कर दी. गोली लगने से दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद दोनों को कसबा स्थित मैक्स-7 अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है. चिकित्सकों के अनुसार शुभम कुशवाहा की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
घायल ने खुद चलाकर पहुंचाया वाहन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार शुभम कुशवाहा को तीन गोलियां लगीं, जबकि सागर कुशवाहा को दो गोलियां लगीं. घायल होने के बावजूद सागर कुशवाहा ने स्वयं चारपहिया वाहन चलाकर शुभम को अस्पताल पहुंचाया.
बताया जा रहा है कि अस्पताल ले जाने के दौरान भी अपराधियों ने वाहन पर फायरिंग की. चालक सीट के ऊपर एक गोली फंसी मिली, जबकि वाहन से एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है.
विशेष टीम कर रही छापेमारी
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए. पुलिस के अनुसार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए गठित विशेष टीम संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही है. अपराधियों की पहचान के लिए तकनीकी और मानवीय दोनों स्तरों पर जांच की जा रही है.
पूर्व सांसद ने की त्वरित कार्रवाई की मांग
घटना की जानकारी मिलने पर पूर्व सांसद संतोष कुशवाहा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल लिया. उन्होंने पुलिस प्रशासन से अपराधियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग करते हुए कहा कि पूर्णिया को फिर से पुराने अपराध के दौर में नहीं जाने दिया जाना चाहिए. उन्होंने अपराधियों के साथ-साथ उन्हें संरक्षण देने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की मांग की.
पूर्व सांसद ने नेवालाल चौक को अपराध की दृष्टि से संवेदनशील क्षेत्र बताते हुए इलाके में स्थायी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की आवश्यकता जताई.
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है. घटना के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और हमलावरों की आधिकारिक पहचान भी अभी नहीं हुई है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
