पूर्णिया में मक्का की रिकॉर्ड आवक से दबाव में बाजार, आलू-प्याज के भाव में भारी उथल-पुथल

Purnia Mandi Update: पूर्णिया की गुलाबबाग मंडी में इन दिनों मक्का लदे ट्रैक्टरों की लंबी कतारें नजर आ रही हैं. आवक बढ़ने से बाजार पर दबाव बढ़ा है, जबकि आलू और प्याज के दाम में लगातार उतार-चढ़ाव बना हुआ है.

Purnia Mandi Update: बिहार की सबसे बड़ी कृषि मंडियों में शामिल गुलाबबाग मंडी में मंगलवार को मक्का की आवक में जबरदस्त तेजी देखने को मिली. मंडी परिसर में दूर-दूर तक मक्का लदे ट्रैक्टरों की कतार लगी रही. हालांकि बढ़ती आवक के बावजूद मक्का के दाम फिलहाल स्थिर बने हुए हैं. दूसरी ओर आलू और प्याज के बाजार में भारी उथल-पुथल देखने को मिली, जिससे कारोबारियों और किसानों दोनों की नजरें बाजार पर टिकी हुई हैं.

मक्का की बढ़ती आवक से बाजार पर दबाव

गुलाबबाग मंडी में बेस्ट क्वालिटी मक्का का भाव 2050 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किया गया, जबकि मध्यम क्वालिटी का मक्का 1960 और निचली क्वालिटी का मक्का 1910 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका. कारोबारियों का कहना है कि यदि आने वाले दिनों में इसी रफ्तार से आवक बढ़ती रही तो मक्का के दाम में और गिरावट देखी जा सकती है. फिलहाल खरीदार सीमित मात्रा में खरीदारी कर रहे हैं.

आलू-प्याज के बाजार में रोज बदल रहे भाव

मंडी में आलू और प्याज के दाम लगातार बदल रहे हैं. मंगलवार को सादा आलू 550 से 600 रुपये प्रति क्विंटल के बीच बिका, जबकि हॉलैंड आलू का भाव 650 से 700 रुपये तक पहुंच गया. एस-16 आलू की कीमत 850 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज की गई. प्याज बाजार में भी उतार-चढ़ाव जारी रहा. नासिक प्याज 1700 से 1800 रुपये और इंदौर प्याज 1600 से 1700 रुपये प्रति क्विंटल तक बिके.

चावल और दाल बाजार में सामान्य कारोबार

चावल बाजार में बासमती की कीमतें मजबूत बनी हुई हैं. बासमती चावल 12500 से 13000 रुपये प्रति क्विंटल तक बिका. वहीं मंसूरी और अरवा मोटा चावल के भाव सामान्य रहे. दलहन बाजार में अरहर दाल सबसे महंगी रही, जिसका अधिकतम भाव 14500 रुपये प्रति क्विंटल तक पहुंच गया. मसूर, चना और मूंग दाल के दाम भी स्थिर बने रहे.

सरसों और लहसून में भी दिखी हलचल

तेलहन बाजार में काली सरसों 6800 से 7100 रुपये और पीली सरसों 7300 से 7500 रुपये प्रति क्विंटल तक बिकी. वहीं लहसून का भाव क्वालिटी के अनुसार 5300 से 9000 रुपये प्रति क्विंटल तक दर्ज किया गया.

Also Read: SBI कर्मचारियों की 25-26 मई को देशव्यापी हड़ताल, बिहार में संशय

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Published by: Pratyush Prashant

महात्मा गांधी अंतरराष्ट्रीय हिंदी विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में एम.ए. तथा जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) से मीडिया और जेंडर में एमफिल-पीएचडी के दौरान जेंडर संवेदनशीलता पर निरंतर लेखन. जेंडर विषयक लेखन के लिए लगातार तीन वर्षों तक लाडली मीडिया अवार्ड से सम्मानित रहे. The Credible History वेबसाइट और यूट्यूब चैनल के लिए कंटेंट राइटर और रिसर्चर के रूप में तीन वर्षों का अनुभव. वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल, बिहार में राजनीति और समसामयिक मुद्दों पर लेखन कर रहे हैं. किताबें पढ़ने, वायलिन बजाने और कला-साहित्य में गहरी रुचि रखते हैं तथा बिहार को सामाजिक, सांस्कृतिक और राजनीतिक दृष्टि से समझने में विशेष दिलचस्पी.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >