Purnia News: पूर्णिया जिले के केनगर थाना क्षेत्र के गोकुलपुर गांव में जमीन और फसल से जुड़ा विवाद हिंसक रूप लेता दिखाई दे रहा है. एक किसान ने आरोप लगाया है कि उसकी निजी जमीन पर लगी मूंग की फसल को कथित रूप से ट्रैक्टर से जोतकर नष्ट करने की कोशिश की गई. विरोध करने पर उसके मामा पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया गया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना के बाद घायल को पहले केनगर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया. मामले को लेकर पीड़ित पक्ष ने स्थानीय थाना से लेकर वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) के जनता दरबार तक आवेदन देकर न्याय और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
खेत जोतने का विरोध करने पर मारपीट का आरोप
गोकुलपुर निवासी गुंजन कुमार मेहता ने अपने आवेदन में आरोप लगाया है कि उनकी निजी जमीन पर मूंग की फसल लगी हुई थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने कथित रूप से ट्रैक्टर से खेत जोतना शुरू कर दिया.
सूचना मिलने पर वह अपने परिवार के सदस्यों और मामा अवधेश कुमार मेहता के साथ मौके पर पहुंचे और खेत जोतने का विरोध किया. आरोप है कि इसके बाद विवाद बढ़ गया और दूसरे पक्ष के लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी.
लोहे की रॉड से हमला, गंभीर हालत में अस्पताल
पीड़ित पक्ष के अनुसार मारपीट के दौरान अवधेश कुमार मेहता पर लोहे की रॉड से हमला किया गया. हमले में उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद वे मौके पर ही गिर पड़े.
परिजन उन्हें तत्काल इलाज के लिए केनगर स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने उन्हें जीएमसीएच पूर्णिया रेफर कर दिया.
जमीन अपने नाम करने की धमकी का भी आरोप
गुंजन कुमार मेहता ने आवेदन में यह भी आरोप लगाया है कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने उन्हें धमकी दी कि या तो जमीन उनके नाम कर दी जाए, अन्यथा गंभीर परिणाम भुगतने होंगे.
पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद भी उन्हें लगातार डराया-धमकाया जा रहा है, जिससे वे असुरक्षित महसूस कर रहे हैं.
थाना और एसएसपी से लगाई न्याय की गुहार
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने केनगर थाना में आवेदन दिया. इसके अलावा एसएसपी के जनता दरबार में भी शिकायत दर्ज कराई गई है.
आवेदन में पूरे घटनाक्रम की जानकारी देते हुए आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई और परिवार की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई है.
Purnia News: पुलिस ने क्या कहा?
इस मामले में केनगर थानाध्यक्ष अजय कुमार अजनबी ने बताया कि आवेदन प्राप्त हुआ है.
उन्होंने कहा कि अब तक मामला दर्ज नहीं हुआ है और शिकायत की जांच की जा रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है. जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि जमीन विवाद और मारपीट की घटना किन परिस्थितियों में हुई और किसकी भूमिका क्या रही.
Also Read: पटना: हादसे में युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने पुलिस पर किया पथराव; बस समेत कई गाड़ियां फूंकी
Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह
