पूर्णिया. रुपौली प्रखंड के डोभा पंचायत भवन में मंगलवार को आयोजित पंचायत सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी अंशुल कुमार और वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर शिविर का उद्घाटन किया. इस अवसर पर प्रशिक्षु आईएएस कुमुद मिश्रा, डीसीएलआर मोहित आनंद, बीडीओ अरविंद कुमार, सीओ शिवानी सुरभि, मुखिया पवनी देवी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.
शिविर को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी अंशुल कुमार ने कहा कि सहयोग पोर्टल सरकार की महत्वाकांक्षी पहल है, जिसका उद्देश्य आम लोगों की शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना है. उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक संख्या में अपनी समस्याएं सहयोग पोर्टल पर दर्ज कराने की अपील की.
डीएम ने बताया कि आवेदन प्राप्त होने के 10 दिनों के भीतर संबंधित विभाग को कार्रवाई करनी होगी. यदि 20 दिनों तक शिकायत का समाधान नहीं होता है तो संबंधित अधिकारी से जवाब-तलब किया जाएगा. वहीं 30 दिनों तक मामला लंबित रहने पर संबंधित अधिकारी के निलंबन की कार्रवाई की जाएगी. उन्होंने कहा कि आवास योजना, जॉब कार्ड, भूमि विवाद, राशन कार्ड समेत किसी भी सरकारी योजना से जुड़ी शिकायतों का तय समय सीमा में निष्पादन सुनिश्चित किया जाएगा.
विभागीय स्टॉलों का किया निरीक्षण
शिविर के दौरान जिलाधिकारी ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण कर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की. स्वास्थ्य विभाग के स्टॉल पर उन्होंने स्वास्थ्य कर्मियों को अधिक से अधिक लोगों की स्वास्थ्य जांच कराने के लिए जागरूकता अभियान तेज करने का निर्देश दिया.
वहीं ग्राम कचहरी के स्टॉल पर एक भी शिकायत दर्ज नहीं मिलने पर प्रशिक्षु आईएएस कुमुद मिश्रा ने संबंधित कर्मियों को फटकार लगाई. उन्होंने कहा कि शिविर का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग अपनी शिकायतें दर्ज करा सकें और योजनाओं का लाभ उठा सकें.
तीन साल पुराने नामांतरण मामले में डीएम ने लिया संज्ञान
शिविर में पहुंचे आवेदक रविंद्र मंडल ने तीन वर्षों से लंबित अपने नामांतरण मामले की शिकायत जिलाधिकारी के समक्ष रखी. आवेदन देखने के बाद डीएम ने स्वयं मामले का संज्ञान लिया और मौके पर ही डीसीएलआर तथा अंचलाधिकारी को आवेदन सौंपते हुए प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निष्पादन का निर्देश दिया.
डिग्री कॉलेज के प्रस्तावित स्थल का किया निरीक्षण
पंचायत सहयोग शिविर के बाद जिलाधिकारी नवसृजित डिग्री कॉलेज के प्रस्तावित स्थल बिरौली पहुंचे और वहां की तैयारियों का जायजा लिया. इस दौरान टीकापट्टी और बिरौली डिग्री कॉलेज निर्माण समिति के प्रतिनिधियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा.
जिलाधिकारी ने टीकापट्टी क्षेत्र में भी उच्च शिक्षा के विकास के लिए आवश्यक पहल का भरोसा दिलाया. वहीं बिरौली में कॉलेज भवन निर्माण के लिए ठाकुरबाड़ी की चार एकड़ से अधिक भूमि उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर आवश्यक प्रक्रिया शीघ्र पूरी कराने का आश्वासन दिया. उन्होंने कहा कि जिले में शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रशासन गंभीरता से कार्य कर रहा है.
