Purnia News: पूर्णिया में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मुफस्सिल थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है. गुप्त सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में पुलिस ने 516 ग्राम स्मैक के साथ दो कथित तस्करों को गिरफ्तार किया. दोनों आरोपी अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के निवासी हैं.
पुलिस ने उनके कब्जे से टाटा नेक्सॉन कार, चार मोबाइल फोन और 4,000 नेपाली रुपये बरामद किए हैं. मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है.
गुप्त सूचना पर बेलौरी में घेराबंदी
पुलिस के अनुसार गश्ती के दौरान सूचना मिली कि उजले रंग की टाटा नेक्सॉन (BR38 AR9826) से दो व्यक्ति बेलौरी के रास्ते कटिहार की ओर स्मैक लेकर जा रहे हैं.
सूचना मिलते ही वरीय अधिकारियों को अवगत कराया गया. उनके निर्देश पर एसडीपीओ सदर-01 अभिनव पाराशर के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया.
टीम बेलौरी स्थित धर्मकांटा के समीप एनएच-131ए की पूर्वी लेन पर पहुंची और वाहन जांच अभियान शुरू किया.
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी
जांच के दौरान संदिग्ध टाटा नेक्सॉन को रोकने का प्रयास किया गया. पुलिस के अनुसार चालक ने वाहन लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन जवानों ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर कार को रोक लिया.
वाहन में सवार दोनों युवकों से पूछताछ में उनकी पहचान 22 वर्षीय मो. इमरोज और 24 वर्षीय मो. नसर के रूप में हुई. दोनों अररिया जिले के फारबिसगंज थाना क्षेत्र के रामपुर गांव के रहने वाले बताए गए हैं.
पांच पैकेट में छिपाकर रखी गई थी स्मैक
प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी की उपस्थिति में कार की तलाशी ली गई. जांच के दौरान चालक सीट के बगल वाले हिस्से के नीचे रखे सफेद रंग के बैग से एक कागज के डिब्बे में रखे पांच पैकेट स्मैक बरामद किए गए.
इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर प्रत्येक पैकेट का वजन क्रमशः 103, 103, 103, 103 और 104 ग्राम पाया गया. पन्नी सहित कुल वजन 516 ग्राम दर्ज किया गया.
कार, मोबाइल और नेपाली मुद्रा भी जब्त
स्मैक के अलावा पुलिस ने आरोपियों के पास से चार मोबाइल फोन, 4,000 नेपाली रुपये और तस्करी में प्रयुक्त टाटा नेक्सॉन कार भी जब्त कर ली.
एसडीपीओ अभिनव पाराशर ने बताया कि बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 65 लाख से 1 करोड़ रुपये के बीच हो सकती है.
तस्करी नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि स्मैक की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था.
प्रारंभिक जांच में अंतरजिला तस्करी नेटवर्क की संभावना सामने आई है. पुलिस अन्य संभावित आरोपियों और इस नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश में भी जुट गई है.
Purnia News: एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
इस कार्रवाई में एसडीपीओ सदर-01 अभिनव पाराशर, मुफस्सिल थानाध्यक्ष विवेक कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक नितिन कुमार, सहायक अवर निरीक्षक परमजीत कुमार, डीआईयू टीम और मुफस्सिल थाना के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे नेटवर्क पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी.
Also Read: पटना: हादसे में युवक की मौत, गुस्साए लोगों ने पुलिस पर किया पथराव; बस समेत कई गाड़ियां फूंकी
Also Read: राजद नई टीम क्यों बना रही है? जानिए संगठन भंग करने के पीछे की वजह
