Purnea University: पूर्णिया. सीमांचल के हजारों छात्र-छात्राओं के लिए स्नातक नामांकन की प्रक्रिया तेज रफ्तार से आगे बढ़ रही है. पूर्णिया विश्वविद्यालय के अंतर्गत सत्र 2026-30 में दाखिले के लिए अब तक करीब 20 हजार आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार नामांकन के लिए छात्रों का उत्साह लगातार बढ़ रहा है. खासकर कला संकाय के विषयों में आवेदन की संख्या सबसे अधिक दर्ज की जा रही है. ऐसे में जिन विद्यार्थियों ने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उनके लिए 2 जून महत्वपूर्ण तारीख है.
63 कॉलेजों में 60 हजार से अधिक सीटों पर नामांकन
पूर्णिया विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले पूर्णिया, कटिहार, किशनगंज और अररिया जिले के 63 डिग्री कॉलेजों में स्नातक सत्र 2026-30 के लिए 60 हजार से अधिक सीटें उपलब्ध हैं. विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि अंतिम तिथि नजदीक आने के साथ आवेदन संख्या में और तेजी आएगी.
समर्थ नोडल अधिकारी प्रो. सुमन सागर ने बताया कि ताजा आंकड़ों के अनुसार करीब 20 हजार आवेदन पोर्टल पर प्राप्त हो चुके हैं और आवेदन प्रक्रिया लगातार जारी है.
कला संकाय में सबसे ज्यादा उत्साह
विश्वविद्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक छात्रों की सबसे अधिक रुचि कला संकाय में देखने को मिल रही है. पॉलिटिकल साइंस और इतिहास जैसे विषयों की मांग सबसे ज्यादा है.
अब तक पॉलिटिकल साइंस विषय के लिए 2,490 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जबकि इतिहास विषय के लिए 3,895 छात्र-छात्राओं ने आवेदन किया है. इससे स्पष्ट है कि सामाजिक विज्ञान और मानविकी विषयों की लोकप्रियता इस वर्ष भी बरकरार है.
2 जून तक बिना विलंब शुल्क के आवेदन
विश्वविद्यालय मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि बिना विलंब शुल्क के आवेदन करने की अंतिम तिथि 2 जून निर्धारित की गई है. इसके बाद आवेदन प्रक्रिया में अतिरिक्त शुल्क लागू हो सकता है.
विश्वविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों से अपील की है कि वे अंतिम समय की तकनीकी परेशानियों से बचने के लिए जल्द आवेदन पूरा करें.
घर के नजदीकी कॉलेज को प्राथमिकता देने की सलाह
प्रशासन ने छात्रों को सलाह दी है कि आवेदन के दौरान अपने विषय के अनुसार घर के निकट स्थित कॉलेजों को प्राथमिकता दें. इससे नामांकन प्रक्रिया आसान होगी और पढ़ाई के दौरान आवागमन की समस्या भी कम होगी.
विश्वविद्यालय ने स्पष्ट किया है कि समर्थ पोर्टल पूरी तरह सुचारू रूप से कार्य कर रहा है और विद्यार्थियों को आवेदन करने में किसी प्रकार की तकनीकी परेशानी नहीं हो रही है.
Also Read: पटना में बढ़ती गर्मी से जल संकट गहराया, 5 फुट नीचे गया जलस्तर, ट्यूबवेल पर बढ़ा दबाव
