पूर्णिया विवि का बड़ा फैसला: अब अंग्रेजी भाषा में मिलेगी डिग्री, अक्टूबर में होगा दूसरा दीक्षांत समारोह; PHD नामांकन और M.Ed कोर्स पर भी लगी मुहर

पूर्णिया विश्वविद्यालय ने अपनी विद्वत परिषद की बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं, जिसमें अब छात्रों को अंग्रेजी भाषा में डिग्री जारी की जाएगी. अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में विश्वविद्यालय का दूसरा दीक्षांत समारोह आयोजित करने की भी घोषणा की गई है. पीएचडी नामांकन और नए शैक्षणिक पाठ्यक्रमों पर भी चर्चा हुई.

पूर्णिया. पूर्णिया विश्वविद्यालय की विद्वत परिषद की 28वीं बैठक कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह की अध्यक्षता में विश्वविद्यालय के सीनेट हॉल में शुक्रवार को हुई. बैठक में शैक्षणिक गुणवत्ता, विद्यार्थियों के हित और विश्वविद्यालय की आगामी शैक्षणिक गतिविधियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए. बैठक की शुरुआत 27वीं विद्वत परिषद की बैठक में लिए गए निर्णयों की संपुष्टि से हुई.

अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में होगा दूसरा दीक्षांत समारोह

विद्वत परिषद ने विश्वविद्यालय के दूसरे दीक्षांत समारोह के आयोजन का निर्णय लिया. बैठक में तय किया गया कि आगामी अक्टूबर माह के अंतिम सप्ताह में दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा. समारोह को लेकर आवश्यक तैयारियां निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाई जाएंगी.

पीएचडी नामांकन पर सिंडिकेट की बैठक में होगी चर्चा

बैठक में पीएचडी के 2024 और 2025 सत्र में नामांकन को लेकर भी महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया. इस संबंध में सिंडिकेट और सीनेट से प्रस्ताव पारित कराने के बाद लोक भवन से मार्गदर्शन प्राप्त करने का निर्णय लिया गया. पीएचडी नामांकन का मुद्दा शनिवार, 22 अगस्त को होने वाली सिंडिकेट की बैठक के प्रमुख एजेंडों में शामिल रहेगा. विश्वविद्यालय प्रशासन ने यह निर्णय छात्र हित को ध्यान में रखते हुए लिया है.

पूर्णिया महिला महाविद्यालय के नए पाठ्यक्रमों पर पहल

पूर्णिया महिला महाविद्यालय में तीन नए पाठ्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव पर भी विद्वत परिषद में विचार किया गया. परिषद ने निर्धारित प्रक्रिया का पालन करते हुए इन पाठ्यक्रमों को शुरू करने की दिशा में आवश्यक पहल करने का निर्णय लिया.

सीएनडी पाठ्यक्रम को लेकर भी होगी कार्रवाई

पूर्णिया महिला महाविद्यालय में संचालित सीएनडी पाठ्यक्रम पर सरकार की ओर से रोक लगाए जाने की सूचना को लेकर भी परिषद ने संज्ञान लिया. इस संबंध में निर्धारित प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई करने का निर्णय लिया गया.

अंग्रेजी भाषा में जारी होगी विश्वविद्यालय की डिग्री

विद्वत परिषद ने एक महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए विद्यार्थियों को अब अंग्रेजी भाषा में डिग्री जारी करने पर सहमति दी. इसके अलावा विश्वविद्यालय में एमएड पाठ्यक्रम शुरू करने के प्रस्ताव पर भी विचार किया गया और आवश्यक निर्णय लेने पर सहमति बनी.

बीबीए रेगुलेशन में संशोधन को मंजूरी

बैठक में पूर्णिया विश्वविद्यालय के बीबीए पाठ्यक्रम के रेगुलेशन में संशोधन के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई. परिषद ने संशोधित रेगुलेशन को अनुमोदित कर दिया. इसके साथ ही लोक भवन द्वारा निर्मित आठवें सेमेस्टर के 41 विषयों के सिलेबस को भी मंजूरी प्रदान की गई.

आईडीपी योजना में सात नए विषय शामिल होंगे

बैठक में आईडीपी योजना के अंतर्गत सात नए विषयों को शामिल करने के प्रस्ताव पर भी सहमति प्रदान की गई. परिषद के निर्णयों से विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियों के विस्तार और विद्यार्थियों के लिए नए अवसर उपलब्ध होने की उम्मीद है.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By अभिषेक भास्कर

अभिषेक भास्कर प्रिंट माध्यम में 20 और डिजिटल माध्यम में पिछले 5 वर्षों से पत्रकारिता में एक्टिव हैं. सामाजिक सरोकार, शिक्षा, अनुसंधान, राजनीति, कला-संस्कृति व सिनेमा में रुचि रखते हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >