Purnea Police: पूर्णिया पुलिस ने लगातार हो रही चोरी की घटनाओं पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर अंतरजिला चोर गिरोह का खुलासा किया है. सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर ने प्रेस वार्ता में बताया कि विशेष टीम ने छापेमारी कर चार महिलाओं सहित सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है. गिरोह के पास से लाखों रुपये मूल्य के चोरी के सामान और चोरी में प्रयुक्त उपकरण बरामद किए गए हैं.
पति-पत्नी चला रहे थे पूरा गिरोह
पुलिस के अनुसार गिरोह का नेतृत्व मधेपुरा जिले के सदर थाना क्षेत्र निवासी राजू मुखिया और उसकी पत्नी आरती कुमारी कर रहे थे. दोनों मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के श्रीनगर चौक स्थित किराये के मकान में रहकर पूरे नेटवर्क का संचालन करते थे. पुलिस ने खुश्कीबाग निवासी रेणु देवी, सकीना उर्फ शक्को, चुन्नी खातून उर्फ टीटी खातून, बिहारीगंज निवासी गुलफान अंसारी तथा सुपौल जिले के बलुआ निवासी मुन्ना मुखिया को भी गिरफ्तार किया है.
दिन में रेकी, रात में करते थे चोरी
एसडीपीओ अभिनव परासर ने बताया कि गिरोह की महिला सदस्य दिन के समय कूड़ा चुनने के बहाने मोहल्लों में घूमकर बंद घरों की रेकी करती थीं. इसके बाद रात में गिरोह के पुरुष सदस्य उन्हीं घरों के ताले तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे. पुलिस की नजर से बचने के लिए गिरोह ने शहर में ही किराये का ठिकाना बना रखा था.
तकनीकी जांच और गुप्त सूचना से मिली सफलता
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए एसएसपी डॉ. शौर्य सुमन के निर्देश पर विशेष टीम का गठन किया गया था. मानवीय सूचना और तकनीकी अनुसंधान के आधार पर संदिग्धों के ठिकानों पर छापेमारी कर पूरे गिरोह को दबोच लिया गया. पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर अन्य साथियों और पूर्व में की गई चोरी की घटनाओं का भी पता लगा रही है.
लाखों के जेवर, बर्तन और अन्य सामान बरामद
Purnea Police: पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर सोने-चांदी के जेवरात, ऑस्ट्रेलियन सिक्का, पीतल और कांसे के बर्तन, टाइटन कंपनी की घड़ी, चार मोबाइल फोन, दो मोटरसाइकिल, चोरी में प्रयुक्त औजार तथा नकद 68,550 रुपये बरामद किए हैं. बरामद सामान की कुल कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है.
विशेष टीम ने की कार्रवाई
इस अभियान में सदर एसडीपीओ-1 अभिनव परासर, सदर थानाध्यक्ष राजू कुमार, मुफ्फसिल थानाध्यक्ष विवेक कुमार, गुलाबबाग टीओपी प्रभारी सन्नी कुमार, डीआईयू टीम और अन्य पुलिसकर्मियों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की.
