Crime News: पूर्णिया जिले के बैसा प्रखंड अंतर्गत रौटा थाना पुलिस ने नाबालिग लड़की के अपहरण मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आवेदन प्राप्त होने के छह घंटे से भी कम समय में मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपी की पहचान आमबाड़ी निवासी बमबम कुमार चौधरी के रूप में हुई है. पुलिस ने कांड संख्या 153/26 दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है.
परिजन की शिकायत पर दर्ज हुआ मामला
थानाध्यक्ष हरि प्रसाद यादव ने बताया कि अख्तियारपुर निवासी एक व्यक्ति ने अपनी नाबालिग पुत्री के अपहरण की लिखित शिकायत थाना में दर्ज कराई थी. शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम का गठन किया और तत्काल छापेमारी शुरू कर दी.
भागने के दौरान आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश की गई. छापेमारी के दौरान राज्य राजमार्ग-99 पर टेना गांव के समीप आरोपी बमबम कुमार चौधरी को भागने के प्रयास के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया.
न्यायिक हिरासत में भेजा गया आरोपी
आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया. थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले की जांच अभी जारी है और पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता
Crime News:पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नाबालिग से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सर्वोच्च प्राथमिकता होती है. इसी कारण शिकायत मिलते ही तत्काल कार्रवाई कर आरोपी को कम समय में गिरफ्तार कर लिया गया.
