पूर्णिया. पूर्णिया विश्वविद्यालय में स्थापना दिवस को लेकर तैयारी शुरू हो गयी है. इस बार का स्थापना दिवस एनुअल मीट कम फाउंडेशन डे के रूप में मनाया जायेगा. इस दिशा में बीते 18 फरवरी को अंगीभूत कॉलेजों के प्रधानाचार्यों को कुलपति प्रो. विवेकानंद सिंह ने आवश्यक निर्देश दिये हैं. इस संबंध में विवि मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पूर्णिया विश्वविद्यालय में 18 मार्च को विश्वविद्यालय स्थापना वर्ष को एनुअल मीट कम फाउंडेशन डे के रूप में मनाये जाने का निर्णय लिया गया है. इस मौके पर विभिन्न खेलों एवं सांस्कृतिक विजेताओं को पुरस्कृत करने पर भी सहमति बनी है. गौरतलब है कि पूर्णिया विवि की स्थापना 18 मार्च 2018 को हुई थी. पूर्णिया कॉलेज के भवन से शुरू हुआ यह विश्वविद्यालय वर्तमान में कोर्ट स्टेशन के समीप सरकार से आवंटित 37 एकड़ के भूखंड पर आकार ले रहा है. एक साल के अंदर पूर्णिया विवि का नया भवन पूर्णत: तैयार हो जायेगा जिसके बाद पूर्णिया विवि अपने परिसर में संचालित होना प्रारंभ हो जायेगा. इन आठ वर्षों में पूर्णिया विवि ने पीजी, पीएचडी, एमबीए जैसे व्यापक अवसर कोसी-सीमांचल के छात्र-छात्राओं को प्रदान किये. पूर्णिया विवि ने प्रारंभ में ही 12 एफ की मान्यता प्राप्त कर ली थी. मगर उसका लक्ष्य यूजीसी से 12 बी और नैक ग्रेडिंग हासिल करना है. बीते 30 जनवरी को सीनेट की बैठक में भी इस विषय पर विशेष रूप से चर्चा हुई. इसी सीनेट बैठक के बाद अब विवि ने स्थापना दिवस की तैयारी पर अपना फोकस कर दिया है.
पूर्णिया विवि में स्थापना दिवस को लेकर तैयारी शुरू, प्रधानाचार्यों को वीसी ने दिये निर्देश
प्रधानाचार्यों को वीसी ने दिये निर्देश
