सीईटी-बीएड की प्रवेश परीक्षा को लेकर पूर्णिया विवि में तैयारी शुरू, अनुमानित 10 हजार परीक्षार्थी, डेढ़ दर्जन केंद्र

अनुमानित 10 हजार परीक्षार्थी, डेढ़ दर्जन केंद्र

पूर्णिया. सीईटी-बीएड की प्रवेश परीक्षा 2026 आगामी सात जून को होगी. राज्य के बीएड कॉलेजों में उपलब्ध लगभग 38 हजार सीटों पर नामांकन हेतु यह प्रवेश परीक्षा आयोजित की जाएगी परीक्षा केंद्र आरा, भागलपुर, छपरा, दरभंगा, गया, हाजीपुर, मधेपुरा, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, पटना एवं पूर्णिया में बनाए जाएंगे. पूर्णिया में अनुमानित 10 हजार परीक्षार्थी को लेकर पूर्णिया विवि की ओर से लगभग डेढ़ दर्जन केंद्र निर्धारित करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गयी है. पूर्णिया विश्वविद्यालय के मीडिया पदाधिकारी प्रो. संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पूर्णिया में परीक्षा केंद्र बनाने हेतु आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है. इधर, विश्वविद्यालय के बीएड नोडल पदाधिकारी डॉ. नवनीत कुमार ने अभ्यर्थियों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूर्ण करने तथा सभी आवश्यक दस्तावेज पूर्व से तैयार रखने की अपील की गई है. बीएड नोडल पदाधिकारी डॉ. नवनीत कुमार ने बताया कि पूर्णिया विवि अंतर्गत 10 बीएड कॉलेज में 1100 सीट है. पूर्णिया विवि से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, इस बार प्रवेश परीक्षा आयोजन हेतु नोडल विश्वविद्यालय बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय को बनाया गया है. पूर्णिया विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा पूर्णिया क्षेत्र में प्रवेश परीक्षा प्रक्रिया को पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है. अबतक 42 हजार से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्रवेश परीक्षा के लिए अब तक 42 हजार से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं. ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 27 अप्रैल से प्रारंभ होकर 18 मई 2026 तक चलेगी. अभ्यर्थी 19 से 21 मई तक 500 रुपये विलंब शुल्क के साथ आवेदन कर सकेंगे. वहीं 22 एवं 23 मई को आवेदन पत्र में संशोधन तथा अंतिम शुल्क भुगतान की सुविधा उपलब्ध रहेगी.सामान्य वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 1000 रुपये निर्धारित किया गया है. दिव्यांग, अतिपिछड़ा, पिछड़ा वर्ग, महिला एवं ईडब्ल्यूएस अभ्यर्थियों के लिए 750 रुपये तथा एससी-एसटी अभ्यर्थियों के लिए 500 रुपये शुल्क निर्धारित किया गया है. ओएमआर शीट पर होगी परीक्षा परीक्षा दो घंटे की होगी तथा ओएमआर शीट पर आयोजित की जाएगी. इसमें कुल 120 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे. परीक्षा में निगेटिव मार्किंग नहीं होगी. प्रश्न पत्र में सामान्य अंग्रेजी के 15 प्रश्न, सामान्य हिंदी के 15 प्रश्न, लॉजिकल एवं एनालिटिकल रीजनिंग के 25 प्रश्न, सामान्य ज्ञान के 40 प्रश्न तथा टीचिंग एंड लर्निंग एनवायरमेंट के 25 प्रश्न शामिल होंगे. प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा. तीन परीक्षा केंद्रों का विकल्प शिक्षाशास्त्री अभ्यर्थियों के लिए केवल दरभंगा में परीक्षा केंद्र निर्धारित किया गया है. आवेदन के दौरान अभ्यर्थी तीन परीक्षा केंद्रों का विकल्प चुन सकेंगे. परीक्षा हेतु प्रवेश पत्र 1 जून 2026 से डाउनलोड किए जा सकेंगे. 8 जून 2026 को उत्तर कुंजी प्रकाशित परीक्षा के उपरांत 8 जून 2026 को उत्तर कुंजी प्रकाशित की जाएगी. उत्तर कुंजी पर आपत्ति दर्ज कराने हेतु 9 एवं 10 जून की तिथि निर्धारित की गई है, जबकि अंतिम परिणाम 19 जून 2026 को प्रकाशित किया जाएगा. सामान्य को 42 तो आरक्षित को 36 अंक लाना जरूरी अनारक्षित वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम क्वालिफाइंग अंक 42 निर्धारित किया गया है, अर्थात उन्हें 35 प्रतिशत अंक प्राप्त करना होगा. वहीं एससी, एसटी, बीसी, ईबीसी, डब्ल्यूबीसी, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग एवं दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए न्यूनतम 30 प्रतिशत यानी 36 अंक निर्धारित किए गए हैं.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >